- Hindi News
- बिशप जोहन डांग का चर्च के मॉडरेटर पद पर हुआ धर्मार्पण
बिशप जोहन डांग का चर्च के मॉडरेटर पद पर हुआ धर्मार्पण
जीईएलचर्च की 39वीं सेंट्रल काउंसिल में नए मॉडरेटर के पद पर नवनिर्वाचित बिशप जोहन डांग का धर्मार्पण रविवार को क्राइस्ट चर्च में किया गया। सेवानिवृत होने वाले मॉडरेटर बिशप डॉ. नेलसन लकड़ा ने रविवारीय एडल्ट सर्विस में विधिवत बिशप जोहन डांग को मॉडरेटर धर्मार्पण कर प्रतिस्थापित किया। साथ ही नए डिप्टी मॉडरेटर बिशप जेएम टोपनो के लिए प्रार्थनाएं की गईं। क्राइस्ट चर्च मेन रोड में रविवार के एडल्ट सर्विस में बिशप डांग के कॉन्सिक्रेशन (धर्मार्पण) और इंस्टालेशन (अधिष्ठापन) की विधि पूरी की गई।
दिनको ऐतिहासिक बताया
जीईएलचर्च को नौ साल की समर्पित सेवा देकर 31 दिसबंर 2014 को सेवानिवृत होने वाले मॉडरेटर डॉ. बिशप नेलसन लकड़ा ने अपने चर्च के सभी डायिसस के बिशपों, अधिकारियों और मंडलियों की उपस्थिति में बिशप डांग के मॉडरेटर के रूप में धर्मार्पण की विधि पूरी की। मॉडरेटर बिशप डांग ने विश्वासियों को संबोधित किया। आज के दिन को ऐतिहासिक और जीईएल विश्वासियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। कहा कि आज ही के दिन 1856 में इस क्षेत्र में शिक्षा की ज्योति के लिए गोस्सनर हाई स्कूल की स्थापना हुई थी और आज ही के दिन 1773 में फादर गोस्सनर एवंजेलिस्ता का जन्म हुआ था। उन्होंने प्रभु येसु के जन्म को समस्त मानवजातियों के लिए ईश्वरीय अनुग्रह और शांति का बताया।
मसीहियों से आह्वान किया कि प्रभु येसु के जन्मोत्सव पर आत्मिक तैयारी करें। मसीहियों को अपने स्तर से प्रभु के वचनों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। लोगों ने नए मॉडरेटर बिशप डांग और डिप्टी मॉडरेटर बिशप जेएम टोपनो को चर्च और प्रभु की सेवा में नई जिम्मेवारियों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जीएस एलियाजर टोपनो, वित्त सचिव अटल खेस, सीआरसी बिशप जॉनसन लकड़ा समेत अन्य बिशप, अधिकारी मंडली के लोग शामिल थे।
क्राइस्ट चर्च मेन रोड में आयेाजित कार्यक्रम में नए मॉडरेटर को अधिष्ठापन कराते बिशप डॉ. नेल्सन लकड़ा।