कर्मी बोले- इतनी कम वोटिंग नहीं देखी
श्री दुर्गा मंदिर ट्रस्ट, बूथ संख्या 142 और 143
लाइव रिपोर्ट
श्रीदुर्गा मंदिर ट्रस्ट का मतदान केंद्र संख्या 142 और 143। समय : सुबह के नौ बजे और शाम 4.45 बजे। मतदान केंद्र में प्रवेश करने के दो गेट। दोनों द्वार पर आईआरबी के जवान मुस्तैद। कोई शोर-गुल नहीं। मतदाता खामोशी से वोट डालते और बाहर निकल कर दो चार मिनट गप्पें करते। शाम चार बजे रांची के विधायक सीपी सिंह भी पहुंचते हैं। पोलिंग एजेंट से मतदान के बारे में जानकारी लेने के बाद बाहर खड़े युवकों से बातचीत करते हैं। थकान के बावजूद थोड़ी हंसी ठिठोली भी।
बूथ संख्या 143 के पोलिंग एजेंट सुभाष सिन्हा बताते हैं कि इस बार मतदाता बहुत उदासीन रहे। समझ में नहीं रहा है कि पोलिंग परसेंटेज इतना गिर कैसे गया। दैनिक भास्कर के संवाददाता भी सिन्हा से बातचीत करते हैं। पूछते हैं कि दिनभर का हाल कैसा रहा। सिन्हा कहते हैं क्या बताएं भाईजी- जनसंघ के जमाने से पोलिंग एजेंट का काम कर रहे हैं। महावीर चौक पर विधानसभा चुनाव में इतना कम पोलिंग कभी नहीं देखे। शाम के पौने पांच बज गए हैं, यहां 863 वोटरों में से सिर्फ 453 ने वोट किया है। इसी भवन में दूसरा बूथ संख्या 142 है। वहां भी 896 में से मात्र 474 वोटरों ने वोट डाला है। शाम पांच बजे तक 20-25 वोट और बढ़ेगा। इसका क्या कारण है, पूछने पर कहते हैं कि देखिए आजकल बोगस वोटिंग, लाठी-डंडे का जोर आदि पूरी तरह खत्म हो गया है।