शौचालय से ज्यादा जोर मोबाइल पर : माधवन
विक्रमसाराभाई स्पेस सेंटर के डायरेक्टर पद्मश्री माधवन चंद्र दत्तन ने कहा कि देश में 60 फीसदी लोगों के पास शौचालय नहीं है। लेकिन इससे ज्यादा लोगों के पास मोबाइल है। इससे पता चलता है कि टेक्नोलॉजी के प्रति लोगों का विश्वास कितना बढ़ा है। बीआईटी मेसरा के 25वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने रांची आए माधवन शुक्रवार को दैनिक भास्कर से बातचीत कर रहे थे।
माधवन ने कहा कि भारत टेक्नोलाॅजी के क्षेत्र में अलग पहचान बनाने में सफल रहा है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे इंटरनेट का उपयाेग करते हैं तो उन्होंने कहा, समय नहीं मिल पाता। इसलिए इंटरनेट पर समय नहीं दे पाता। मॉम को मंगल ग्रह पर भेजने संबंधी सवाल पर माधवन ने कहा कि यह इसरो की बड़ी और काफी उत्साहित करने वाली सफलता थी। इसरो के वैज्ञानिकों के टीम वर्क के कारण ही यह संभव हो पाया। इससे इसरो और उसमें काम कर रहे वैज्ञानिकों की साख बढ़ी। विश्व में भारत का भी सम्मान बढ़ा।
रांची में ही पढ़े हैं
माधवन ने कहा, बीआईटी मेसरा की उनके करियर निर्माण में अहम भूमिका रही है। उन्होंने यहां के स्पेस एंड रॉकेट्री डिपार्टमेंट से सत्र 1984-85 में पीजी की। इससे यहां के छात्रों के साथ उनका भावनात्मक लगाव है। 30 साल पहले इस कैंपस के प्रोफेसरों के साथ जो रिश्ते बने, उसे संजोकर रखा है। ऐसे में यहां दीक्षांत समारोह को संबाेधित करना उनके लिए हर्ष की बात है। माधवन ने कहा कि देश का पहला इंजीनियरिंग आैर रॉकेट्री डिपार्टमेंट बीआईटी में ही शुरू हुआ था। यह संस्थान पिछले 50 सालों से लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए प्रयासरत है।