पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रिम्स में पड़े 5 शवों को मिली सद‌्गति

रिम्स में पड़े 5 शवों को मिली सद‌्गति

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रिम्समें महीनों से पड़ीं पांच लावारिस लाशों को अंतत: सद‌्गति मिल ही गई। इन अनाम व्यक्तियों की मुक्तिदाता बनी नवगठित संस्था मुक्ति। इन्हें कंधा मिला शहर के प्रबुद्ध विशिष्ट लोगों का। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे हरमू स्वर्गद्वार में इनका अंतिम संस्कार किया गया। मुक्ति संस्था के लोगों ने पांचों शवों को सामूहिक रूप से मुखाग्नि दी। विभिन्न संप्रदायों के सैकड़ों लोगों ने इनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शवों को जलाने के लिए लकड़ी का प्रबंध निगम की ओर से किया गया। इसमें हजारीबाग की मुर्दा कल्याण समिति का भी सहयोग रहा। मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार, नगर निगम के सीईओ मनोज कुमार, विजय पाठक, मुक्ति के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया, अमित अग्रवाल, बटर सिंह, संजय गुप्ता, पंकज चौधरी, हरीश नागपाल, अतुल गेरा, गणेश रेड्‌डी, शमीम, राम सिंह, प्रमोद सारस्वत, मनीष गुप्ता, किसलय, अरुण कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

निगम देगा वाहन

मुक्ति संभालेगी अब जिम्मेवारी

रांची नगर निगम के सीईओ मनोज कुमार ने कहा कि मुक्ति ने अच्छी पहल की है। इसके लिए वाहन की व्यवस्था निगम करेगा। इसी गाड़ी से अज्ञात लाशों को रिम्स पहुंचाया जाएगा। फिर, अंतिम संस्कार के लिए हरमू मुक्तिधाम पहुंचाया जाएगा। वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि शहर के सभी थानाें को मुक्ति संस्था का फोन नंबर उपलब्ध करा दिया जाएगा।

रिम्स में लावारिस पड़ी लाशों के अंतिम संस्कार का दायित्व अब तक हजारीबाग की मुर्दा कल्याण समिति उठाती थी। संस्था के मो. खालिद इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। लेकिन अब यह जिम्मेदारी राजधानी की नवगठित संस्था मुक्ति निभाएगी। मुक्ति के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया सहित संस्था के अन्य पदाधिकारियों ने यह निर्णय लिया है।