अधिक वोट पड़े, फिर भी फिसड्डी
रांची. 2009के विधानसभा चुनाव में रांची विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 16 हजार 305 लोगों ने वोट डाले। जबकि उस वक्त कुल मतदाताओं की संख्या तीन लाख 53 हजार 394 थी। वहीं, 2014 के चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या तीन लाख पांच हजार 853 में एक लाख 48 हजार 368 लोगों ने मतदान किया। इसके बावजूद जिले में सबसे कम मतदान वाला विधानसभा क्षेत्र बन गया। जिला उप निर्वाची पदाधिकारी प्रवीण प्रकाश ने कहा कि 2009 के चुनाव से हमारा प्रतिशत बढ़ा है। वहीं, इस साल के लोकसभा चुनाव में रांची विधानसभा सीट पर एक लाख पचास हजार 893 मतदाताओं ने वोट डाले थे। वहीं, खिजरी में एक लाख 79 हजार 948, कांके में दो लाख सात हजार 309, तमाड़ में एक लाख 33 हजार 842, मांडर में एक लाख 90 हजार 205, हटिया में दो लाख 18 हजार 15, सिल्ली में एक लाख 43 हजार 39 वोट पड़े हैं। कुल 19 लाख 90 हजार 48 मतदाताओं में से 12 लाख 20 हजार 726 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया है। यानी कुल 61.34 फीसदी वोट पड़े हैं।