धौनी ने खरीदी 24 एकड़ खेतिहर जमीन
धौनी के नाम सिमलिया में है पांच एकड़ जमीन
नौ करोड़ से अधिक की है जमीन
सब रजिस्ट्रार ने धौनी के घर जाकर उनके पिता से पूरी कराई खरीद की औपचारिकता
क्रिकेटटीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने नगड़ी के बारीडीह में 24 एकड़ जमीन खरीदी है। यह जमीन खेतिहर है और रिंगरोड से तीन किलोमीटर दूर है। धौनी ने यह जमीन सिंहदेव शाहदेव से खरीदी है। रांची के सब रजिस्ट्रार संतोष कुमार ने गुरुवार को धौनी के हरमू स्थित आवास जाकर जमीन की रजिस्ट्री कराई। धौनी ने अपने पिता को पावर ऑफ एटॉर्नी दिया है। इसलिए रजिस्ट्री के कागजात पर पान सिंह ने हस्ताक्षर किए। मालूम हो कि इससे पहले भी धौनी ने सिमलिया में पांच एकड़ जमीन खरीदी है।
हरमू स्थित धौनी के इसी मकान में सब रजिस्ट्रार ने आकर कराई जमीन की रजिस्ट्री।
महेंद्र सिंह धौनी ने इससे पहले कांके प्रखंड के सिमलिया में पांच एकड़ जमीन खरीदी है। इसमें उन्होंने फार्म हाउस खोला है। इस फार्म हाउस की चारों ओर चहारदीवारी कर दी गई है। अंदर कई प्रकार के पौधे लगाए गए हैं।
नगड़ी अंचल के बाराडीह गांव स्थित इस 24 एकड़ जमीन के लिए महेंद्र सिंह धौनी की ओर से नौ करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया गया है। इस आधार पर स्टांप और कोर्ट फीस के रूप में 63 लाख 83 हजार रुपए खर्च किए गए हैं। इसमें 36.31 लाख रुपए का स्टांप पेपर लगाया गया है। वहीं, रजिस्ट्री ऑफिस में कोर्ट फीस मद में 27.52 लाख रुपए का भुगतान किया गया है।