- Hindi News
- बच्ची के साथ छेड़खानी रिटायर्ड कर्मी गिरफ्तार
बच्ची के साथ छेड़खानी रिटायर्ड कर्मी गिरफ्तार
बंद कराई दुकान, थाना से खदेड़ा
आरोपी को पीटते-पीटते लाया गया थाना
कार्रवाई नहीं होने पर सैकड़ों लोग पहुंचे थाना
जैपके एक रिटायर कर्मचारी को नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म करने के प्रयास के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। मामला डोरंडा थाना के बाजार मोहल्ले का है। वहां के निवासी ओमप्रकाश गुप्ता के खिलाफ डोरंडा थाना में सरफराज हुसैन ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें कहा है कि उनकी 11 साल की बेटी अन्य बच्चों के साथ ओमप्रकाश के घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच ओमप्रकाश उनकी बेटी का हाथ पकड़ कर अपने घर में ले गया। वहां उसके साथ छेडख़ानी करने लगा और दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा ने इसका विरोध किया, तो वह उसे डराने धमकाने लगा। छात्रा के शोर मचाने पर मोहल्ले के कुछ लोग जमा हो गए और आरोपी को पकड़ लिया। छात्रा ने पूरी घटना अपने घरवालों को बताई। आरोपी प्रधान लिपिक के पद से 2012 में जैप से रिटायर्ड हुआ था।
थाना परिसर में जमे लोगों को खदेड़ती पुलिस।
घटना से आक्रोशित लोगों ने डोरंडा इलाके में कई दुकानों को बंद करा दिया। थाना के पास की दुकानों को जब बंद कराने लगे, तो थानेदार थाना से बाहर निकले और लोगों को शांत कराया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा कि पुलिस कार्रवाई कर रही है। सभी दुकानों को खोल दिया जाए। इधर, काफी देर तक थाना में जमा लोगों को पुलिस ने हटाया। इसके लिए पुलिस ने लाठी-डंडा का सहारा लिया। कई लोगों को पुलिस ने दौड़ाया तब जाकर थाना से भीड़ हटी।
शिकायत मिली है कि मोहल्ले के लोगों ने आरोपी के साथ मारपीट की। वहीं उसे घर से पीटते हुए थाना ले आए। पुलिस ने उसे हाजत की जगह थाना की सिरिस्ता में बैठा कर सभी लोगों को वापस जाने के लिए कहा, तो कई लोग नाराज हो गए। वे थाना में हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंची हटिया डीएसपी ने लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया। लोगों का कहना था कि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हाजत में बंद कर दिया।