- Hindi News
- सीएनटी पर दिग्भ्रमित कर रही सरकार : मुंडा
सीएनटी पर दिग्भ्रमित कर रही सरकार : मुंडा
पूर्वमुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि इस राज्य में झामुमो-कांग्रेस सीएनटी और एसपीटी एक्ट पर लोगों के बीच गलतफहमी पैदा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर हेमंत सरकार की भी कथनी और करनी में अंतर है। पिछले दिनों राज्य की वर्तमान सरकार ने अपने निजी स्वार्थ के लिए इसमें संशोधन का प्रयास किया। आदिवासी जमीन को मारगेज करने का भी फैसला लिया, लेकिन अब ये कह रहे हैं कि दोनों एक्ट को भाजपा बदलना चाहती है। अर्जुन मुंडा पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उनके साथ पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और वरिष्ठ प्रवक्ता अजय मारू भी मौजूद थे।
मुंडा ने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर सरकार में रहते हुए झामुमो ने राजनीति की, वे मुद्दे आज कहां हैं। हेमंत सरकार और झामुमो को यह बताना चाहिए कि स्थानीयता के मुद्दे पर कमेटी की रिपोर्ट आज किस स्तर पर है। यदि कमेटी ने अपनी रिपोर्ट दे दी है, तो फिर उसे रोकने का क्या कारण है। ऐसा प्रतीत होता है कि हेमंत सरकार या तो स्वयं दिग्भ्रमित है या फिर राज्य की जनता को दिग्भ्रमित करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार को अपनी उपलब्धियां जनता को बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब तक हुए तीन चरणों के चुनाव में भाजपा को जनता का विश्वास बता रहा है कि प्रदेश में भाजपा के बहुमत की सरकार बनेगी।
मुंडा ने कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद भाजपा पर खूब बयान दे रहे हैं। लेकिन उनको यह भी बताना चाहिए कि बिहार में अपने 15 वर्षों के शासनकाल में उनकी क्या उपलब्धियां रहीं। ऐसे लोगों को भाजपा पर बोलने का कोई हक नही है। कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद कहते हैं कि पीएम झूठ बोल रहे हैं, लेकिन 60 वर्षों तक किसने झूठ बोला पहले इसका हिसाब उन्हें देना चाहिए।