- Hindi News
- बीएसआईडीसी के कर्मियों को एकाउंट में मिलेगा वेतन
बीएसआईडीसी के कर्मियों को एकाउंट में मिलेगा वेतन
रांची| बिहारस्टेट इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बीएसआईडीसी) के लगभग साढ़े नौ सौ पूर्व कर्मियों को जल्द ही तीन माह के वेतन का भुगतान किया जाएगा। इसकी तैयारी पूर्व में ही कर ली गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों से लोक अदालत में कर्मियों को चेक नहीं दिया जा सका। अब यह राशि उनके खाते में भेज दी जाएगी। यह जानकारी बीएसआईडीसी की ओर से बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट में दी गई। इस संबंध में बीएसआईडीसी के कर्मियों ने एक अवमाननावाद कोर्ट में दायर किया है, जिसकी सुनवाई के दौरान बुधवार को प्रबंधन ने अपना पक्ष रखा। उल्लेखनीय है कि एकीकृत बिहार में बीएसआइडीसी के अधीन राज्य की पांच बड़ी कंपनियों में जिनमें सिंदरी खाद कारखाना, हाई टेंशन इंसुलेटर फैक्ट्री, मेलेबल कास्ट फैक्ट्री और इलेक्ट्रिक इक्विपमेंट फैक्ट्री और सुवर्णरेखा वाच फैक्ट्री शामिल हैं के हजारों कर्मचारियों को वेतन दिए बिना वर्ष 2000 में इन कंपनियों को अचानक बंद कर दिया गया और कर्मियों के बकाए का वेतन भुगतान नहीं किया गया।
इसके बाद कर्मियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर वेतन दिलाने की गुहार लगाई थी। कोर्ट ने पूर्व में लोक अदालत के माध्यम से कर्मियों के भुगतान का आदेश दिया था, परंतु बीएसआईडीसी द्वारा सूची तैयार नहीं होने के कारण भुगतान नहीं किया गया। अब कर्मियों को वर्ष 1998 के दिसंबर से फरवरी 1999 तक का वेतन दिया जाएगा। 40 कर्मियों को जिन्हें पूर्व में 15 माह का भुगतान नहीं किया गया था, उन्हें 18 माह का भुगतान किया जाएगा। मामले की अगली सुनवाई जनवरी के दूसरे सप्ताह में होगी।
40 कर्मियों को 15 माह से नहीं किया गया था भुगतान