आईजी के नाम पर ठगी
जैपमें नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार छात्रों से 12 लाख रुपए की ठगी करने वाले प्रमोद राम को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। गाेंदा पुलिस ने उसे रातू रोड स्थित होटल आकशवाणी से पकड़ा। उस पर 40 छात्रों से आईजी के नाम पर ठगी करने का आरोप है। वह डालटनगंज का रहनेवाला है। और, पहचान छुपाने के लिए उसने अपना नाम प्रमोद राम से बदलकर प्रमोद बेक कर लिया था।
पुलिस ने उसके पास से जैप की मुहर, मनरेगा के दस्तावेज समेत कई कंपनियों के कागजात बरामद किए हैं। उसे मंगलवार को जेल भेजा जाएगा। उसके खिलाफ खिंदेश्वर कुजूर ने गोंदा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। गोंदा थानेदार ने बताया कि प्रमोद 40 छात्रों से 30-30 हजार रुपए ले चुका है। ठगी के शिकार ज्यादातर छात्र गुमला के हैं। पुलिस के अनुसार प्रमोद छात्रों को बताता था कि वह आईजी का ऑडिटर है। आईजी ने उसे ही जैप में बहाली की जिम्मेवारी दी है।