- Hindi News
- चौदह सौ की जगह एक हजार रुपए के लिए लगाने पड़ते हैं कई चक्कर
चौदह सौ की जगह एक हजार रुपए के लिए लगाने पड़ते हैं कई चक्कर
जननीसुरक्षा योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के लिए महिलाओं को रिम्स के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। चूंकि चेक प्रसूता को ही देने का प्रावधान है, इसलिए महिलाओं को प्रसव के बाद ही तीन से चार बार अस्पताल जाना मजबूरी है। रिम्स प्रबंधन की लेटलतीफी का खामियाजा इन्हें भुगतना पड़ता है। रिम्स आकर उन्हें चौथे माले की सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। जबकि कुछ महिलाओं के अनुसार सदर की व्यवस्था अपेक्षाकृत ज्यादा अच्छी है। वहां सिर्फ एकाउंट नंबर लिखवा देना होता है, राशि खाते में जमा हो जाती है।
इधर, जननी सुरक्षा योजना के तहत रिम्स में सभी महिलाओं को महज एक हजार रुपए ही मिलते हैं। जबकि हॉस्पिटल में होने वाले प्रसव के लिए सहिया को छह सौ रुपए, ग्रामीण महिला को चौदह सौ और शहरी महिला को एक हजार रुपए का प्रावधान है। लेकिन रिम्स का तर्क है कि ग्रामीण महिलाओं को चौदह सौ रुपए तभी मिलेंगे जब वे अपने साथ मुखिया से यह लिखवाकर लाएंगी कि उनका क्षेत्र ग्रामीण है।
रिम्स में चेक के लिए पहले डिस्चार्ज स्लीप की एक काॅपी क्लर्क के पास जमा करानी होती है, तभी चेक बनता है। इसपर अधीक्षक और उपाधिक्षक दोनों के साइन होते हैं। इसके बाद चेक मिलता है। चेक सिर्फ रिम्स स्थित एसबीआई ब्रांच में ही कैश होता है। कई बार महिलाओं को चेक पर साइन नहीं होने के कारण वापस लौटना पड़ता है। गायनी वार्ड में एक ही किरानी है। उनके जिम्मे कई काम हैं। सुबह दस से एक वह ऑफिस का काम करती हैं। इसलिए एक बजे के बाद ही चेक बांटती हैं। उसके जिम्मे बंध्याकरण का चेक बांटना भी है, इसलिए वह जननी सुरक्षा के लिए ज्यादा समय नहीं दे पाती हैं। बंध्याकरण के चेक के लिए भी महिलाओं को लाइन लगानी होती है।
चेक पर साइन के लिए आना पड़ता है बार-बार
छह सौ रुपए के लिए छह बार दौड़ना पड़ता है। पिछली बार मैं आई, तो साथ में कार्ड लाना भूल गई थी। मेरे मरीज की पर्ची थी उसके बाद भी मुझे पैसे नहीं मिले।\\\'\\\' रेखा,सहिया
छह सौ, 6 चक्कर
मैं सवा दो सौ रुपए खर्च करके आई हूं। इतनी दूर से छह सौ रुपए के लिए बार-बार आने में काफी परेशानी होती है। यहां भी लंबा इंतजार करना पड़ता है।\\\'\\\' कौशल्या,सहिया
आने में होती है परेशानी
मैं चौथी बार आई हूं। पहले ऑफिस में ताला लगा होता था। बाद में पता चला लेबर रूम के पास पैसे मिलेंगे। वहां भी ताला बंद मिला था। आज खुला मिला है।\\\'\\\' राधादेव