ज्ञानोदय, माइका और जयपाल जीते
रांची | गांधीनगरमैदान में खेले जा रहे प्रथम जेडी मेमोरियल लेग क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को ज्ञानोदय स्कूल गांधीनगर, माइका एवं जयपाल सिंह कोचिंग सेंटर की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर पूरे अंक अर्जित किए। ज्ञानोदय ने जेडी मेमोरियल कॉलेज को दो विकेट से पराजित किया। जेडी मेमोरियल कॉलेज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 67 रन बनाए। ज्ञानोदय के संजय को चार, आशीष को तीन विकेट मिला। जवाब में ज्ञानोदय की टीम ने 8 विकेट पर 69 रन बनाकर मैच जीत लिया।
टीम की तरफ से रवि ने 18, संजय ने 16 और संदीप ने 11 रन बनाए। अभिषेक को मैन ऑफ मैच घोषित किया गया। दूसरे मैच में माइका ने किलर विंग वॉरियर को 14 रनों से पराजित किया। माइका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 84 रन बनाए। टीम की तरफ से हिमांशू ने 25, सुमित ने 13 और सोरेन ने 16 रनों की पारी खेली। किलर के अदनान को तीन विकेट मिला। जवाब में किलर की टीम नौ विकेट पर 60 रन ही बना पाई। माइका के हिमांशू को चार विकेट मिला और उन्हें मैन ऑफ मैच घोषित किया गया। तीसरे मैच में जयपाल सिंह कोचिंग सेंटर ने जेडी मेमोरियल स्कूल को 118 रनों से पराजित किया। जयपाल सिंह की ओर से सचिन ने 192 रनों की पारी खेली और उन्हें मैन ऑफ मैच घोषित किया गया। मैन ऑफ मैच का पुरस्कार गोविंद झा एवं बीएन विश्वास ने वितरण किया।