मेधावी स्टूडेंट्स को मिला पुरस्कार
ऑक्सफोर्डपब्लिक स्कूल बहू बाजार में गुरुवार को 18वां मदर टेरेसा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसके तहत 11वीं कक्षा के टॉपरों को 1001 रुपए का गिफ्ट चेक एवं प्रशस्ति पत्र और कक्षा छह से नौ तक के टॉपरों 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 75 छात्र-छात्राओं को 501 रुपए का गिफ्ट चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया। भरतनाट्यम, शिव तांडव, मर्चेंट ऑफ वेनिस, संबलपुरी नृत्य, समूह गान, कोरियन डांस, हिंदी नाटक अब लौट चलें को उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने काफी सराहा। मंच संचालन सानंदा चौधरी और धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ अध्यापक आरके झा ने किया। इस मौके पर पी हाजरा, एके सिंह सहित स्कूल के शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
छात्र-छात्राओं की प्रतिभा अभूतपूर्व: डॉ. आनंद
कार्यक्रमके मुख्य अतिथि झारखंड एकेडमिक काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. आनंद भूषण ने कहा कि यहां के बच्चों ने अध्ययन के साथ-साथ अन्य सांस्कृतिक क्रिया-कलापों में भी अपनी अभूतपूर्व प्रतिभा का परिचय दिया है। उन्होंने विद्यालय के चहुंमुखी एवं बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। विशिष्ट अतिथि डॉ. तंद्रा भूषण ने भी बच्चों के परफॉर्मेंस को सराहा। स्कूल के एकेडमिक कॉर्डिनेटर दीपक सिन्हा ने कहा कि विद्यालय का प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों को बेहतर आधुनिक शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध करें, जिससे छात्र-छात्राएं विद्यालय एवं देश का नाम रोशन करें। स्कूल की जूनियर विंग की प्राचार्य रश्मि बख्शी ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
समारोह में नृत्य प्रस्तुत करतीं छात्राएं।
ऑक्सफोर्ड स्कूल में 18वां मदर टेरेसा प्रतिभा सम्मान समारोह