औद्योगिक शहर घोषित करने पर फिर होगी बात
रांची | जमशेदपुरको औद्योगिक शहर घोषित करने को लेकर सोमवार को बहुत अधिक बात आगे नहीं बढ़ सकी। मुख्य सचिव सुधीर प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को ध्यान में रख कर ही सरकार को फैसला लेने का सुझाव दिया। अंतत: मुख्य सचिव ने नगर विकास विभाग को निर्देश दिया कि वह विस्तृत रिपोर्ट तैयार करे। फिर उस पर अगली बैठक में जमशेदपुर को औद्योगिक शहर घोषित करने के मुद्दे पर विचार किया जाएगा।
यहां मालूम हो कि राउरकेला की तर्ज पर टाटा कंपनी भी जमशेदपुर को औद्योगिक शहर बनाना चाहती है। राज्य सरकार द्वारा जमशेदपुर को औद्योगिक शहर के रूप में अधिसूचित करने से पूर्व कई तरह की तकनीकी और विधायी निर्णय लिए जाने हैं। इस कारण बैठक में क्षेत्र के लगभग सभी विधायकों, सांसदों को अपने विचार रखने के लिए बुलाया गया था। इसमें टाटा कंपनी के अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक में नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह, भू-राजस्व सचिव जेबी तुबिद टाटा स्टील के अधिकारी मौजूद थे।