- Hindi News
- बीएयू के स्टूडेंट्स को स्वावलंबी बनाना मेरी प्राथमिकता : डाॅ. जार्ज
बीएयू के स्टूडेंट्स को स्वावलंबी बनाना मेरी प्राथमिकता : डाॅ. जार्ज
भास्कर संवाददाता | रांची/कांके
राज्यका एकमात्र कृषि विश्वविद्यालय होने के कारण बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) की जिम्मेवारी निभाना काफी महत्वपूर्ण है। इसी जिम्मेवारी के तहत राज्य में कृषि उत्पादकता बढ़ाना, इससे जुड़े शोध कार्य, स्टूडेंट्स के बीच इंटरप्रेन्योरशिप डेवलप करना मेरी प्राथमिकता होगी। बीएयू के स्टूडेंट्स को स्वावलंबी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ये बातें बीएयू के नवनियुक्त वीसी डाॅ. जार्ज जाॅन ने कहीं। वे बुधवार को वीसी पद ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
डॉ. जॉर्ज ने विश्वविद्यालय पहुंचने के बाद सबसे पहले भगवान बिरसा मुंडा और स्व. कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वरीय पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर निदेशक प्रशासन डाॅ. एसके पाॅल, रजिस्ट्रार डाॅ. एन कुदादा, डीन वेटनरी डाॅ. आरएल प्रसाद, डाॅ. एमएच सिद्दिकी, डाॅ. एमएस यादव, डाॅ. डीके सिंह द्रोण, पंकज वत्सल सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।
वीसी ने कहा कि उन्हें पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के क्षेत्र में कार्य का अनुभव है, इसका उपयोग वे बीएयू के स्टूडेंट्स के हित में करेंगे। साथ ही वैश्विक और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न संस्थानों के साथ साझा कार्यक्रम चलाएंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के समक्ष कई चुनौतियां भी हैं। इसको वे बीएयू के अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से ठीक करेंगे। साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त करने की दिशा में सार्थक कदम उठाए जाएंगे।
इंफ्रास्ट्रक्चर दुरुस्त करने पर जोर
पदभार ग्रहण करते बीएयू के नवनियुक्त वीसी डाॅ. जार्ज जाॅन।