- Hindi News
- स्वास्थ्य क्षेत्र में एक्शन प्लान बनाने के निर्देश
स्वास्थ्य क्षेत्र में एक्शन प्लान बनाने के निर्देश
भास्कर संवाददाता | रांची/नामकुम
राष्ट्रीयस्वास्थ्य मिशन और एचयूपी प्लान इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को कार्यशाला हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभियान निदेशक आशीष सिंहमार ने की। इसका आयोजन आरसीएच सभागार में हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य एनयूएचएम के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का मूल्यांकन, विभिन्न मार्ग दर्शिकाओं पर चर्चा और पीआईपी अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2014-15 के कार्यों का एक्शन प्लान बनाना है। इस अवसर पर आशीष सिंहमार ने शहरी कार्यक्रम को यथाशीघ्र शुरू करने और इससे संबंधित एक्शन प्लान बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एनयूएचएम को प्रभावी ढंग से लागू कर शहरी गरीब लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराया जा सकता है।
निदेशक प्रमुख डाॅ. सुमंत मिश्रा ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों के माध्यम से सभी शहरी गरीबों तक स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने एनयूएचएम के अन्तर्गत समुदाय या जिला स्तर पर संबंधित विभाग यथा शहरी विकास, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करने का भी निर्देश दिया। निदेशक डाॅ. मंजु कुमारी बैठक के उद्देश्यों पर चर्चा की। उन्होंने डाक्यूमेंटेशन के लिए प्रपत्र, फोटो एवं डीएचएस में लिए गए निर्णय को राज्य स्तर पर भेजने और ‘शहरी सहिया’ का चयन एवं ‘महिला आरोग्य समिति’ का गठन करने का निर्देश दिया। बैठक में 14 जिलों के सिविल सर्जन, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक ने भाग लिया।
स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी देते डॉ. सुमंत मिश्रा और अन्य।