- Hindi News
- सुचित्रा हत्याकांड : उपायुक्त ने दिया एपीपी बदलने का आदेश
सुचित्रा हत्याकांड : उपायुक्त ने दिया एपीपी बदलने का आदेश
रांची | राजधानीके एक प्रतिष्ठित स्कूल की वार्डन की यौन शोषण के बाद हत्या के चर्चित मामले में सरकार ने सरकारी वकील को बदलने का आदेश दिया है। इस संबंध में बुधवार को रांची के लोक अभियोजक बीएन शर्मा को डीसी विनय चौबे ने आदेश दिया। यह कार्रवाई गृह विभाग से प्राप्त आदेश पर की गई है।
इधर, मृतका के भाई गोविंद पांडेय ने बुधवार को डीसी से मिलकर कहा कि केस में एपीपी ने भारी गड़बड़ी की है। इससे पीड़ित पक्ष को न्याय की उम्मीद नहीं है। इस मामले को डीसी ने गंभीरता से लिया।
गौरतलब है कि मामले के एपीपी (अपर लोक अभियोजक) शिशिर कुमार सिन्हा की देखरेख में हत्याकांड की सुनवाई पूरी हो चुकी थी। अंतिम निर्णय के लिए तिथि भी निर्धारित कर दी गई थी, लेकिन फैसले के दिन आठ जुलाई 2014 को मृतक के भाई गोविंद पांडेय और नारी सेना से जुड़ी महिलाओं ने सरकारी वकील के संबंध में लिखित शिकायत की थी। अदालत में भी आवेदन देकर कहा था कि मामले में पुलिसिया जांच सही दिशा में नहीं हुई है। एपीपी ने भी गवाहों का ठीक से बयान दर्ज नहीं कराया है। अदालत से अनुरोध किया कि पुन: जांच के लिए कोर्ट में आवेदन दिया है, इसलिए फैसले को लंबित रखा जाए।