- Hindi News
- एचईसी ने जेएससीए पर लगाया करार के उल्लंघन का आरोप
एचईसी ने जेएससीए पर लगाया करार के उल्लंघन का आरोप
रांची | एचईसीने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसो. के धुर्वा स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के लिए हुए लीज करार के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। यह आरोप राकेश कुमार द्वारा जेएससीए स्टेडियम की जमीन के व्यावसायिक उपयोग को लेकर दायर जनहित याचिका की सुनवाई में अपना पक्ष रखते हुए एचईसी ने लगाया। कोर्ट को बताया कि जेएससीए को 15.85 करोड़ रुपए में 31.70 एकड़ भूमि लीज पर दी थी। जमीन का उपयोग क्रिकेट और स्पोर्ट्स के लिए किया जाना था। इसके दूसरे व्यावसायिक उपयोग की अनुमति नहीं दी थी। यह भी बताया कि 25 जून 2008 को हुए लीज करार के मुताबिक जेएससीए को एचईसी को पांच प्रतिशत गेट मनी देना था। इसके अलावा उसे मैच के 100 टिकट भी दिए जाने थे, परंतु टिकट नहीं दिया जाता है। स्टेडियम में कहीं भी एचईसी का लोगो भी नहीं लगाया गया है। सुनवाई के दौरान प्रार्थी द्वारा अपना पक्ष रखने के लिए समय मांगे जाने के अनुरोध को जस्टिस आरआर प्रसाद की खंडपीठ ने स्वीकार करते हुए सुनवाई की अगली तिथि 13 जनवरी निर्धारित की।