सिटी बस के कर्मचारियों ने धरना दिया
रांची | सिटीबस के कर्मचारियों ने सोमवार को बिरसा चौक के पास धरना देकर बस सेवा अविलंब शुरू करने की मांग की। बस के कर्मचारियों ने जेटीडीसी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि पिछले 15 दिनों से बस सेवा पूरी तरह बंद है। सभी कर्मचारी बेरोजगार होकर बैठे हैं, इसके बावजूद जेटीडीसी बसों का परिचालन नहीं करा रहा है। कर्मचारियों ने राज्य सरकार से सिटी बस सेवा को शुरू करने की मांग की, ताकि बसकर्मियों के साथ आम लोगों की परेशानी दूर हो सके। मौके पर मनोज कुमार, राजीव, राजेन्द्र, पिंटू सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। इधर, धरना स्थल पर झारखंड राज्य समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष प्रतिभा पांडेय ने सिटी बस के कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सरकार बसों को चलाने का रास्ता निकाल रही है।