सेवा ही बड़ा मानव धर्म : सीपी सिंह
जिंदगीएक किराए का घर है, एक एक दिन बदलना पड़ेगा... इस गीत से बहूबाजार स्थित संत मिखाइल नेत्रहीन विद्यालय के बच्चों ने एक संदेश दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। मौका था लालती देवी मेमोरियल ट्रस्ट की पांचवी वर्षगांठ का। रातू रोड स्थित संस्था के कार्यालय में आयोजित समारोह का शुभारंभ सैकड़ों जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ी वितरण के साथ हुआ। जीउतिया पर्व पर साड़ी मिलने पर महिलाओं ने हर्ष जताया। महिलाओं को साड़ी बांटते हुए विधायक सीपी सिंह ने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा मानव धर्म होता है।
दृष्टिहीनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उलझनों की दुनिया को पाने की जिद करो, जो कर सका कोई उसे करने की जिद करो। मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि हमारे बीच कुछ लोग हैं जो बहुत जानते हैं। वे सिर्फ दिशा देते हैं, काम नहीं करते हैं। दूसरी ओर ऐसे लोग भी हैं, जो काम करते हैं और वे हमारे सामने होते हैं। इसके पहले ब्रजकिशोर नेत्रहीन बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत गाया। प्रिंसिपल नीलू शर्मा ने बताया कि प्लस टू में पढ़ रही स्टूडेंट्स को कम्प्यूटर ट्रेनिंग के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य है। संत मिखाइल स्कूल की प्रिंसिपल एमटीपी अग्रवाल ने कहा कि स्कूल के पूर्व स्टूडेंट रांची कॉलेज में शिक्षक है।
संस्था के अध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा साल भर ब्रजकिशोर नेत्रहीन स्कूल की स्टूडेंट्स को भोजन दिया जाता है। मौके पर एफजेसीसीआई के विकास सिंह, किशोर मंत्री, आरडी सिंह, महेंद्र, नवल किशोर सिंह, अरुण बुधिया के अलावा ट्रस्ट के संटू सिंह, नवीन दुबे, शांति सुमन, विनोद कुमार, संतोष कुमार, पवन कुमार आदि उपस्थित थे।
वर्षगांठ समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते विधायक सीपी सिंह।
लालती देवी मेमोरियल ट्रस्ट की पांचवी वर्षगांठ पर बांटी गईं साड़ियां