भाजपा ने मिशन संथाल प्रारंभ किया
रांची | भाजपाका मिशन संथाल परगना शुरू हो गया है। इसका उद्देश्य विधानसभा चुनाव में पार्टी की जोरदार उपस्थिति दर्ज कराना है। मालूम हो कि लोकसभा चुनाव में संथाल में ही भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। इसी उद्देश्य से प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेता अर्जुन मुंडा, रघुवर दास अन्य संथाल पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। इसके अलावा पूर्व विधायक सरयू राय भी संथाल दौरे पर जा रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास 18 सितंबर को ही देवघर पहुंच गए। वहां कई कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद 19 को गोड्डा चले जाएंगे। वहां कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के बाद 20 सितंबर की सुबह रांची लौटेंगे। इधर, प्रतिपक्ष के नेता अर्जुन मुंडा 19 सितंबर की रात रांची-दुमका इंटरसिटी से दुमका जाएंगे। 20 सितंबर को वे बरहेट हाईस्कूल मैदान में पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होंगे। राजमहल में रात्रि विश्राम करने के बाद 21 को वहां फिर पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होंगे। 21 को पाकुड़ में रात्रि विश्राम करेंगे। 22 को पाकुड़ में ही भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में भाग लेने के बाद ट्रेन से रांची लौटेंगे।