जमीन की समस्या दूर करें : मुख्य सचिव
टोरी-शिवपुर-कथौटियारेल परियोजना को लेकर राज्य सरकार सक्रिय हुई है। मुख्य सचिव सुधीर प्रसाद ने लातेहार, चतरा और हजारीबाग के डीसी को भूमि हस्तांतरण संबंधी समस्याओं का एक सप्ताह के भीतर निबटाने का निर्देश दिया है। मुख्य सचिव गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना पर उच्चस्तरीय बैठक कर रहे थे। लातेहार डीसी ने कहा कि आयुक्त से प्रस्ताव प्राप्त होते ही जिले में 64.33 एकड़ जंगल-झाड़ भूमि का हस्तांतरण 15 दिनों के भीतर कर दिया जाएगा। शेष 15.665 एकड़ गैर मजरुआ जमीन का प्रस्ताव रेलवे से प्राप्त हुआ है, जो प्रक्रियाधीन है। वहीं, चतरा डीसी ने कहा कि 14.88 एकड़ जंगल-झाड़ वाली भूमि के हस्तांतरण का प्रस्ताव है। शेष 25.93 एकड़ जंगल-झाड़ भूमि के मामले पर सुनवाई चल रही है। इसी तरह हजारीबाग के डीसी ने कहा कि जंगल-झाड़ भूमि का अनापत्ति प्रमाण पत्र दे दिया गया है।
कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग की लंबित शिकायतों पर बैठक में सीएस ने शिकायतों का समाधान ऑन लाइन शिकायत प्रबंधन प्रणाली (झारखंड समाधान) के तहत करने का निर्देश दिया। बैठक में जेबी तुबिद, बीके त्रिपाठी, एसके सत्पथी, के विद्यासागर, अराधना पटनायक, अजय कुमार सिंह थे।