पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राज्य में दवा खरीद प्रक्रिया जल्द पूरी करें : राजेंद्र सिंह

राज्य में दवा खरीद प्रक्रिया जल्द पूरी करें : राजेंद्र सिंह

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
स्वास्थ्यमंत्री राजेंद्र सिंह ने राज्य में दवा खरीद की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का दिया निर्देश दिया है। वे सोमवार को नामकुम स्थित आइपीएच सभागार में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक कर रहे थे। मंत्री ने दवा खरीद में विलंब किये जाने को गंभीरता से लेते हुए निदेशालय स्तर से ही अविलंब दवा खरीदने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश निदेशक प्रमुख डॉ. सुमंत मिश्रा को दिया।

साथ ही जिन जिलों में दवा खरीद के लिए राशि अब तक अप्राप्त है, उन जिलों में दवा खरीद के लिए पैसा शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गैर योजना मद में उपलब्ध राशि से भी दवा खरीद करने की आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए।

सहियाओं को इसी माह दें स्कूटी

स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के सभी जिलों की चयनित श्रेष्ठ सहियाओं के बीच माह के अंत तक स्कूटी वितरित करने की प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा। बैठक में मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रधान सचिव त्रिपाठी को निर्देश दिया कि पिछली समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों पर अमल नहीं करने वाले दोषी अधिकारियों को चिह्नित कर तीन दिन के अंदर सूची उपलब्ध करायी जाए। मंत्री ने बैठक में सभी स्वास्थ्य निदेशकों को क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया तथा भ्रमण का प्रतिवेदन निदेशक प्रमुख को समर्पित करने को कहा। बैठक में राज्य के तीनों मेडिकल कॉलेजों की स्वास्थ्य सुविधाओं एवं आधारभूत संरचनाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए मंत्री ने संबंधित अभियंताओं एवं प्राचार्यों को अविलंब सबकुछ दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने रिम्स तथा राज्य के सिविल सर्जनों को स्थायी की गई एनएम और नर्सों को इस माह के अंत तक हर हाल में नियुक्ति पत्र देने का भी निर्देश दिया। ऐसा नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।