सरकार नियमों काे सरल करेगी : हिमानी
प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया कार्यक्रम के लाइव प्रसारण देखने के लिए चैंबर भवन में गुरुवार को खास व्यवस्था की गई। इसका आयोजन फिक्की, झारखंड चैंबर आफ कामर्स और झारखंड स्मॉल इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन ने मिलकर किया। जबकि इसमें सहयोग पीएचडी चैंबर आफ कामर्स, सीआईआई और इंस्टीट्यूट आॅफ इंजीनियर्स ने किया। मौके पर उद्योग सचिव हिमानी पांडेय ने कहा कि उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार भी नियमों का सरलीकरण करने के लिए कदम उठाएगी। ताकि उद्यमियों को हरसंभव सहयोग मिले। वहां मौजूद सदस्यों के अमृतसर हावडा इंडस्ट्रियल कॉरीडोर के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। धनबाद में क्लस्टर की स्थापना के लिए 380 एकड़ भूमि चिन्हित की जा चुकी है। उद्योग सचिव ने कहा कि मध्य प्रदेश की लैंड एलाटमेंट पॉलिसी के आधार पर झारखंड में भी लैंड एलाटमेंट पॉलिसी बनाई जाएगी।
चैंबर के महासचिव पवन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम पर व्यवसायियों और उद्यमियों की प्रतिक्रियाएं मिनिस्ट्री आॅफ कामर्स एंड इंडस्ट्री और प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी जाएंगी। कार्यक्रम में झारक्राफ्ट के धीरेंद्र कुमार, चैंबर अध्यक्ष रतन मोदी, कुणाल अजमानी, पवन शर्मा, श्यामसुन्दर अग्रवाल, सोनी मेहता, जेसिया अध्यक्ष शरद पोद्दार, पूर्व अध्यक्ष संजय सेठ, रंजीत टिबड़ेवाल आदि उपस्थित थे।