- Hindi News
- पुनर्वास नीति के नाम पर ठग रही सरकार : सीम्प्रीत
पुनर्वास नीति के नाम पर ठग रही सरकार : सीम्प्रीत
बगईचा में शहरी गरीबों का मालिकाना हक और मूलभूत सुविधाओं के लिए राज्यस्तरीय सम्मेलन
आदर्शसेवा संस्थान, संयुक्त बस्ती समिति के तत्वावधान में गुरुवार को शहरी गरीबों का मालिकाना हक और मूलभूत सुविधाओं के लिए दो दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन एटीसी बगईचा में हुआ। मौके पर समिति के लक्खी ने कहा कि झारखंड के छह शहरों में गरीबों का मालिकाना हक की लड़ाई की शुरुआत रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो एवं चाईबासा जिलों से की जा रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की बड़ी आबादी शहरी स्लमों में बिना किसी बुनियादी सुविधाओं के रह रहे हैं। उन्हें किसी भी समय प्रशासन द्वारा बुलडोजर चला कर हटाया जाता है। वहीं कार्यक्रम में मुंबई से पहुंचे अतिथि सीम्प्रीत ने कहा कि केंद्र सरकार अच्छे दिन आने की राग अलाप रही है, लेकिन सेठ-साहूकार के लिए अच्छे दिन हैं, गरीबों के लिए बुरे दिन हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में झारखंड के शहरी क्षेत्रों में जो स्थिति है, बहुत दयनीय एवं सोचनीय है।
विडंबना है कि झारखंड सरकार अब तक कोई पुनर्वास नीति बनाने में सक्षम नहीं हुआ है। वहीं फादर स्टेन स्वामी ने गरीबों को समाज की आवश्यकता बताते हुए गरीबों के प्रति सरकार के नजरिए को गलत बताया। मौके पर समिति के महेश ठाकुर, चंदना, संतोष, संजीव एवं विनय सहित अन्य जिलों से आए लोग उपस्थित थे।
सम्मेलन में सभा को संबोधित करते अतिथि।