नए उड़द की आवक बढ़ने से भाव घटे
ऊपरकी मंडियों में भाव घटने से गुरुवार को उड़द दाल 150 रुपए प्रति क्विंटल तक सस्ती हो गई। इस तरह पिछले 10 से 15 दिनांे में यह 400 रुपए प्रति क्विंटल तक सस्ती हुई है। वहीं, अरहर दाल 125 रुपए और मसूर दाल 100 रुपए क्विंटल तक सस्ती हुई है। चना और चना दाल में स्थिरता बरकरार है। कारोबारियों ने बताया कि इस समय महाराष्ट्र, एमपी, यूपी, राजस्थान आदि उत्पादक राज्यों में नए उड़द की आवक हो रही है।
मध्य प्रदेश के उत्पादन केंद्रों पर उड़द की दैनिक आवक बढ़कर करीब 20 हजार बोरी के आसपास पहुंच चुकी है। उत्तर प्रदेश की मंडियों में भी पांच हजार बोरी उड़द प्रतिदिन उतर रहा है। इसके अलावा राजस्थान और झारखंड में भी नए उड़द उतरना शुरू हो चुके हैं। व्यापारियों के अनुसार इस वर्ष सभी प्रदेशों में फसल अच्छी है। आने वाले दिनों में भाव और घट सकते हैं। वहीं, मसूर और अरहर के स्टॉक निकालने का दबाव मिलों पर दिख रहा है। इस कारण से भाव में नरमी है। जनवरी फरवरी में इनकी नई फसल आएगी। उत्पादन अनुमान ठीक रहने के कारण इन दालों के भाव में भी नरमी संभव है।
गुरुवार को रांची की थोक मंडियों में बेस्ट मूंग दाल 8500 रुपए, बेस्ट मसूर दाल 6700 से 6800 रुपए, अरहर दाल बेस्ट 7000 से 7100 रुपए, बेस्ट चना 3600 से 3700 रुपए, बेस्ट चना दाल 3800 से 3900 रुपए और बेस्ट उड़द दाल 6700 से 6800 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकीं।
यूपी और महाराष्ट्र में चीनी के भाव घटने के असर से रांची की मंडियों में चीनी गुरुवार को 50 रुपए प्रति क्विंटल तक सस्ती हो गई। इस तरह पिछले एक सप्ताह में चीनी 150 रुपए प्रति क्विंटल तक सस्ती हो गई है। कारोबारी संजय माहुरी ने बताया कि इस समय महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से चीनी की आवक सस्ती पड़ रही है। गन्ने की फसल करीब होने के कारण इन राज्यों की मिलें पुराने स्टॉक जल्द से जल्द निकालना चाह रही हैं। गुरुवार को चीनी 3250 से 3400 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी।
चीनी में नरमी जारी