- Hindi News
- श्रद्धालुओं ने उठाया निशान किया श्याम प्रभु का गुणगान
श्रद्धालुओं ने उठाया निशान किया श्याम प्रभु का गुणगान
श्री श्याम परिवार की ओर से मनाए जा रहे श्री श्याम निशान महोत्सव की भव्य शुरुआत शनिवार को निशान शोभायात्रा से हुई। महोत्सव में श्रद्धालुओं ने श्याम प्रभु के 251 निशान उठाए और उनका गुणगान करते हुए शोभायात्रा में आगे-आगे चले। बड़ी संख्या में कुंवारी कन्याओं ने भी निशान उठाया। सभी पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में थे। निशान शोभायात्रा अपर बाजार स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर से निकली। यहां से यात्रा महोत्सव स्थल दुर्गाबाड़ी पहुंची और विसर्जित हुई। भजन मंडलियों ने भजन पेश किया। आयोजन में श्रवण जालान, नेहा जालान, मदन सोनी, पवन शर्मा, किशन गोयल, निरंजन लाल तोदी, मंटू जालान, नरेंद्र माटोलिया, पवन जालान, गोपाल चाने और विनय भाटिया आदि का योगदान रहा।
शोभायात्रा में श्याम प्रभु का हुआ भव्य शृंगार।
लक्ष्मी नारायण मंदिर से निकली शोभायात्रा महोत्सव स्थल दुर्गाबाड़ी पहुंची। महिला श्रद्धालुओं ने हाथों में निशान लेकर श्याम प्रभु के जयकारे लगाए।
शोभायात्रा में श्याम प्रभु की भव्य झांकी निकाली गई। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने श्याम प्रभु का दर्शन किया और प्रसाद पाया। शोभायात्रा में भगवान विष्णु के शेष नाग पर विराजमान सजीव झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। साथ में ग्वाल-बाल भी थे। कई भजन मंडलियां गाड़ियों में विराजमान होकर रास्ते भर भजन पेश करती चलीं। रविवार को दुर्गाबाड़ी में निर्मित श्याम हवेली में महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सुबह पूजा के बाद अखंड ज्योत जलेगी। इसके बाद महिला-पुरुष श्रद्धालु सुंदरकांड पाठ में हिस्सा लेंगे। महोत्सव को लेकर दुर्गाबाड़ी को श्याम की नगर के रूप में सजाया गया है। सुबह भगवान को सवा मनी और छप्पन भोग लगेगा।