महागठबंधन के तहत लड़ेंगे चुनाव
मुख्यमंत्रीहेमंत सोरेन और झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने सोमवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को रोकने वाली सभी पार्टियां साथ मिलकर चलेंगी। दोनों नेताओं ने कहा कि अलग-अलग चुनाव लड़ने से बेहतर है कि सभी महागठबंधन के तहत चुनाव मैदान में उतरें और भाजपा को सत्ता से दूर रखें।
दोनों नेताओं ने कहा कि इस अभियान में वे किसी भी दल से परहेज नहीं करेंगे। सबसे सम्मानजनक ढंग से बात होगी और सबका सहयोग लिया जाएगा। सोमवार शाम मुख्यमंत्री आवास में हेमंत सोरेन और बीके हरिप्रसाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। इसके पहले हेमंत सोरेन के साथ हुई बैठक में बीके हरिप्रसाद के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत और कांग्रेस विधायक दल के नेता राजेंद्र प्रसाद सिंह भी शामिल हुए। पत्रकारों से बात करते हुए हेमंत और हरिप्रसाद दोनों ने स्वीकार किया कि महागठबंधन बनाकर विधानसभा चुनाव लड़ने पर सहमति हो गई है।
सीटों पर चर्चा बाद में, मान सम्मान सर्वोपरि : हेमंत
सीटें तय नहीं, पर गठबंधन होगा : हरि
हेमंत ने कहा कि कौन पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, अभी यह तय नहीं हुआ है, पर हम कांग्रेस के साथ महागठबंधन के तहत चुनाव लड़ेंगे। किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा, इस पर निर्णय बाद में होगा। पर, भाजपा को रोकने के लिए जो भी बेहतर होगा, हम उसे अपनाएंगे।
हरिप्रसाद ने कहा कि कांग्रेस ने यह दावा नहीं किया है कि वह कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, पर यह तय है कि कांग्रेस और झामुमो एक साथ चुनाव लड़ेंगे। महागठबंधन में झामुमो और कांग्रेस के अलावा राजद और जदयू शामिल होंगे।