- Hindi News
- कस्तूरबा स्कूलों में अब स्मार्ट क्लास : पटनायक
कस्तूरबा स्कूलों में अब स्मार्ट क्लास : पटनायक
शिक्षासचिव आराधना पटनायक ने कहा है कि राज्य के सभी कस्तूरबा विद्यालयों में मिनी साइंस सेंटर डेवलप किया जाएगा। विभाग ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भी घोषणा की कि राज्य के सभी कस्तूरबा विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की शुरुआत की जाएगी। इसका शुभारंभ रांची जिले से होगा। उन्होंने ये बातें मंगलवार को कस्तूरबा विद्यालय चान्हो और सोसई आश्रम विद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान कहीं।
कस्तूरबा स्कूल चान्हो की छात्राओं के साथ पटनायक करीब 40 मिनट तक रहीं। इस बीच उन्होंने छात्राओं से सवाल-जवाब भी किया। उन्होंने कहा कि विभाग छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के प्रति गंभीर है। इसी के मद्देनजर वे खुद स्कूलों का औचक निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का मकसद सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं के स्तर का पता लगाना है। इस दौरान उनके साथ जिला शिक्षा अधीक्षक जयंत कुमार मिश्रा भी थे।
कस्तूरबा स्कूल चान्हो के निरीक्षण के दौरान सचिव को छात्राओं ने एक साइंस का मॉडल दिखाया। मॉडल में दिखाया गया था कि किचन के चूल्हे से निकलने वाले गर्म धुएं से ऊर्जा उत्पन्न की जा सकती है। छात्राओं के मॉडल से प्रभावित होते हुए सचिव ने प्राचार्य से कहा कि इस मॉडल को अपने स्कूल में इंप्लीमेंट करें। इसमें जो भी सहयोग की जरूरत होगी, वे करेंगी।
छात्रों के मॉडल को सचिव ने सराहा
शिक्षा सचिव ने यह भी निर्देश दिया है कि अब स्कूलों में हर छात्र-छात्रा का जन्मदिन मनाया जाएगा। सभी के जन्मदिन पर एक पौधा स्कूल परिसर में लगाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी स्कूल के प्रधानाध्यापक की होगी। इससे स्टूडेंट्स में पर्यावरण के प्रति लगाव तो बढ़ेगा ही, परिसर भी हरा-भरा होगा।
स्टूडेंट्स के जन्मदिन पर लगेगा पौधा
कस्तूरबा विद्यालय चान्हो में एक छात्रा से पढ़ाई को लेकर पूछताछ करतीं सचिव।