11 से नहीं चलेंगी बसें
झारखंडसरकार द्वारा बस भाड़ा कम किए जाने के विरोध में 11 फरवरी से राज्य में बस सेवा ठप रहेगी। इसका निर्णय शनिवार को चैंबर भवन में झारखंड बस ओनर्स एसोसिएशन, बस ओनर्स एसोसिएशन रांची और राज्यभर के बस मालिकों की हुई बैठक में लिया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्णमोहन सिंह ने कहा कि सरकार के पास तीन दिन का समय है। अगर उनकी बात नहीं मानी गई, तो बुधवार से राज्य भर में बस परिचालन ठप कर दिया जाएगा। एसोसिएशन का कहना है कि 53 पैसे प्रति किमी की दर से बस चलाना संभव नहीं है, क्योंकि खर्च 64 पैसे प्रति किमी होता है। बस मालिकों ने कहा कि घर से पैसा लगाकर बस नहीं चलाएंगे। बैठक में किशोर मंत्री, सच्चिदानंद सिंह, प्रदीप अग्रवाल दर्जन भर जिलों से आए 100 से अधिक बस मालिक मौजूद थे।
10 को कमिश्नर से मिल कर रखेंगे समस्या
^1रुपए प्रति किमी से कम पर बस नहीं चलाएंगे। 10 फरवरी को परिहवन आयुक्त से मिलेंगे। बात बन गई तो ठीक, नहीं तो 11 फरवरी से राज्य भर में बस परिचालन ठप कर दिया जाएगा। कृष्णमोहन सिंह, अध्यक्ष, बस ओनर्स एसोसिएशन, रांची।
3000 से अधिक बसें राज्य में चलती हैं
राज्यमें तीन हजार से अधिक बसों का परिचालन हो रहा है। रांची में ही लगभग 300 से अधिक छोटी-बड़ी बसें चल रही हैं। ऐसे में बस सेवा ठप हो जाने का फायदा छोटे वाहन मालिक उठाएंगे और यात्रियों से मनमाना भाड़ा वसूल करेंगे। दूर दराज क्षेत्र के यात्रियों को परेशानी होगी।
साधारण बस का मिला है परमिट
बैठकमें कहा गया कि झारखंड में एक भी बस डीलक्स सेमी डीलक्स नहीं चल रही है। परिवहन विभाग ने सभी बसों को साधारण बस का परमिट दिया है। ऐसे में डीलक्स सेमी डीलक्स का भाड़ा कैसे तय किया गया है।
छोटानागपुर प्रमंडल के सभी जिलों में ऑटो किराया कम करने को लेकर आरटीओ राजेश कुमार बरवार ने नौ फरवरी को बैठक बुलाई है। कलेक्ट्रेट के बी-ब्लॉक स्थित आरटीओ कार्यालय में दिन के 12 बजे से बैठक शुरू होगी। इसमें ऑटो किराया कम करने पर चर्चा होगी। सभी जिलों के डीटीओ समेत ऑटो एसोसिएशन के पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे।