- Hindi News
- हर वार्ड में मोबाइल टावरों का होगा सर्वे
हर वार्ड में मोबाइल टावरों का होगा सर्वे
नगरनिगम राजधानी के सभी 55 वार्डों में लगे मोबाइल टावरों का सर्वे कराएगा। इसके लिए निगम ने इंजीनियरों की एक कमेटी बना दी है। बिना निगम के एनओसी के मोबाइल टावर लगाने वाली कंपनी और संबंधित मकान मालिक पर कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि निगम क्षेत्र में धड़ल्ले से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल टावर लगाए गए हैं। इस पर पार्षदों ने निगम अधिकारियों से शिकायत की है। इसके बाद कमेटी बनाकर टावर की जांच करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, मोबाइल टावर का सर्वे एक वर्ष पूर्व भी हुआ था। हाईकोर्ट ने मोबाइल टावर से निकलने वाले रेडिएशन की जांच करने के लिए एक कमेटी बनाई थी। इसमें बीआईटी मेसरा के एक्सपर्ट और निगम के इंजीनियरों को रखा गया था। कमेटी ने विभिन्न क्षेत्रों में लगभग तीन दर्जन मोबाइल टावर के रेडिएशन की जांच की, लेकिन किसी भी टावर से निर्धारित मापदंड से अधिक रेडिएशन नहीं पाया गया था।
अवैध टावर लगाने वाली कंपनी और मकान मालिक पर होगी कार्रवाई