- Hindi News
- तीन दिनों के जद्दोजहद के बाद संभाला पदभार
तीन दिनों के जद्दोजहद के बाद संभाला पदभार
अधिसूचनाजारी होने के तीन दिनों के बाद सोमवार को नए असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया के पद पर अधिवक्ता अनुराग कुमार ने योगदान दे दिया। चार्ज लेने के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी उनके साथ कोर्ट आई थी। पदभार ग्रहण करने के बाद अनुराग कुमार ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेवारी मिली है, इसे पूरा करना प्राथमिकता होगी। एएसआई कार्यालय की गरिमा बढ़े और लोकहित के कार्यों में किसी प्रकार का विलंब नहीं हो, इस बात का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि नए असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल की नियुक्ति के संबंध में गत आठ सितंबर को ही अधिसूचना जारी हो गई थी। इसके बाद तीन दिन पूर्व अनुराग कुमार रांची पदभार ग्रहण करने पहुंच गए थे। पर पूर्व एएसआई ने पदभार नहीं छोड़ा था, सोमवार को उन्होंने कार्यालय छोड़ दिया, जिसके बाद नए एएसआई ने कार्यभार संभाला। उल्लेखनीय है कि अनुराग कुमार रांची हाईकोर्ट से जुड़े रहे हैं। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट में भी उन्होंने प्रैक्टिस की है। उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि भी न्यायिक क्षेत्र से ही रही है। उनके पिता विमल कुमार भी ख्यातिप्राप्त अधिवक्ता थे।