4 घंटे संघर्ष के बाद बची 4 जानें
भास्कर संवाददाता|रांची/पिपरवार
पिपरवारथाना क्षेत्र में दामोदर नदी पर बनाया गया पुल सोमवार की रात तेज पानी में बह गया। इस कारण बाइक पर सवार संजय राम समेत चार लोग बह गए। संजय के साथ दो महिलाएं और एक बच्चा था। चार घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उन्हें बचाया गया। परिवार के बह जाने की सूचना पाकर सीसीएल पिपरवार के परियोजना पदाधिकारी बीपी सिंह, अशोक प्रोजेक्ट के मैनेजर एके ओझा, पिपरवार थाना प्रभारी अंजनी कुमार टंडवा के एसडीपीओ मौके पर पहुंचे।
पिपरवार पुलिस ने बताया कि संजय बाइक पर सवार होकर पुल पा कर रहा था। उसके आगे एक और बाइक सवार था, वह पार हो गया। संजय बीच पुल में जैसे ही पहुंचा तो पानी के तेज बहाव के साथ सपरिवार बह गया। लोगों ने बचाने का प्रयास किया, पर देखते ही देखते संजय का पूरा परिवार दूर बह गया। इलाके में बिजली नहीं होने के कारण उन्हें खोजने में काफी परेशानी हुई। पुल पर अचानक से पानी आने की वजह से यह हादसा हुआ है।
सैनिक कंपनी के पोकलेन के चालक राजेंद्र यादव ने सोमवार की रात 11 बजे संजय समेत पूरे परिवार को अपनी जान की बाजी लगा कर बचाया। चार घंटे से जिंदगी और मौत से लड़ रहा पूरा परिवार जैसे नदी से बाहर निकला, तो पूरा परिवार रोने लगा। राजेंद्र ने पोकलेन को को जबरन नदी में घुसा दिया और लोगों को बाहर निकाल लिया। वहीं पुलिस का कहना था कि वह सुबह होने का इंतजार कर रही थी। रांची से राहत टीम जाने वाली थी, पर राजेंद्र की हिम्मत से पूरा परिवार बच गया। पिपरवार पुलिस ने बताया कि संजय के पूरा परिवार बह जाने के बाद चार घंट तक डाला पर बैठा रहा। पहले दूसरी जगह पर मिट्टी काट कर पानी के बहाव को दूसरी ओर ले जाया गया। पानी का कुछ दबाव कम हुआ, तो तब संजय समेत पूरा परिवार दिखने लगा। सीसीएल के पिपरवार एरिया में दामोदर नदी पर सीसीएल प्रबंधन द्वारा कोयला ट्रांसपोर्टिंग के लिए पुल बनाया गया था। कुछ ही दूर पर नया पुल का निर्माण हो गया है, पर अभी उसका प्रयोग नहीं हो रहा है। पुल की स्थिति काफी जर्जर थी, इस वजह से यह हादसा हुआ।
घटनास्थल से सटे निर्माणाधीन पुल पर चढ़कर संजय के परिजनों की तलाश कराते लोग पुलिस अधिकारी।
संजय के परिवार के लिए फरिश्ता बनकर आए राजेंद्र