चाकू मार कर की हत्या विरोध में सड़क जाम
लोअरबाजार थाना क्षेत्र की आजाद बस्ती में रहने वाले युवक नसीम उर्फ विक्की की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। नसीम फ्लैग लगाने का काम करता था। लोअर बाजार पुलिस ने बताया कि नसीम गुरुवार की सुबह अपने घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। शुक्रवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि पॉलटेक्निक हॉस्टल के पीछे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। बाद में उसकी पहचान नसीम के रूप में की गई। नसीम के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। पुलिस ने आशंका जताई है कि नसीम की हत्या के पीछे ब्राउन शुगर के धंधे का मामला है। सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना था कि कुछ लोग नसीम से जबरन ब्राउन शुगर बेचवाते थे। अपने दोस्तों से वह अक्सर इस लाइन से (ब्राउन शुगर के धंधे) हटने की बात कहता था, पर वह निकल नहीं पाता था।
हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर नसीम के शव को मिशन चौक पर रखकर उसके परिजनों ने सड़क जाम कर दी। पुलिस के आश्वासन के बाद दस मिनट में ही सड़क जाम समाप्त हो गया। गुरुवारको घर से निकलने के बाद नसीम ने अपने एक दोस्त के मोबाइल से तीन बार फोन किया था। सबसे पहले दोपहर में मां को फोन कर उसने बताया था कि वह शाम तक घर आएगा। शाम में दोबारा फोन कर उसने बताया कि वह रात में आएगा। रात 12 बजे नसीम ने फिर फोन कर अपनी मां से कहा कि वह एक घंटे में घर जाएगा, पर वो घर नहीं लौटा। लोअर बाजार थानेदार ने बताया कि नसीम के नंबर को ट्रेस कर लिया गया है। जिसका नंबर है पुलिस उससे पूछताछ करेगी। जल्द ही हत्यारे का नाम सामने जाएगा। पुलिस ने आशंका जताई है कि नसीम रात में जिसके साथ था उन्हीं लोगों ने उसकी हत्या कर दी होगी।
मां से फोन पर की थी बात