फिल्म सोनचांद का ऑडिशन 18 को
‘बीर बुरू ओम्पाय मीडिया एंड इंटरटेनमेंट’ के बैनर तले बन रही फिल्म सोनचांद का ऑडिशन 18 सितंबर को रांची में होगा। खूंटी, जमशेदपुर और राउरकेला के बाद रांची में यह आखिरी ऑडिशन है। निर्देशकीय टीम के सदस्य रंजीत उरांव ने बताया कि ऑडिशन दिन के 11से 2 बजे तक जोहार सहिया कार्यालय, पूर्वी जेल रोड में होगा। मौके पर मुंबई, दिल्ली और रांची के कलाकार उपस्थित रहेंगे। मानवाधिकार कार्यकर्ता इस फिल्म के निर्माता ग्लैडसन डुंगडुंग ने बताया कि फुल लेंथ फीचर फिल्म ‘सोनचांद’ को झारखंड की ही आदिवासी कंपनी प्रोड्यूस कर रही है। इसके जरिए हम यहां के कलाकारों को मंच देना चाहते हैं। फिल्म की प्रोड्यूसर वंदना टेटे ने बताया कि शूटिंग इसी सितंबर के अंतिम सप्ताह से खूंटी जिले के अड़की ब्लॉक में शुरू होने वाली है। उन्होंने कहा कि फिल्म से हम यह बताना चाहते हैं कि झारखंड के पास एक समृद्धशाली कला परंपरा है। परंतु सिनेमा में आज तक यहां के लोगों को इसके प्रदर्शन का अवसर ही नहीं मिला।