पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • विश्व में भारत की उपस्थिति से ही धर्मनिरपेक्षता : इंद्रेश

विश्व में भारत की उपस्थिति से ही धर्मनिरपेक्षता : इंद्रेश

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोरमफॉर अवेयरनेस ऑफ नेशनल सिक्योरिटी (एफएएनएस) के राष्ट्रीय संरक्षक इंद्रेश कुमार ने कहा कि हिंदुस्तान मोस्ट सुपर सोसाइटी है। यही सत्य है। इसे कोई नकार नहीं सकता। हमारी उपस्थिति से ही धर्मनिरपेक्षता होती है। भारत ऐसा देश है, जिसमें सभी संप्रदाय और समुदाय के लोग रहते हैं। एक-दूसरे के धर्म का आदर करते हैं। विश्व को सहिष्णुता भारत ही सिखा सकता है। इंद्रेश कुमार सोमवार को फैन्स की ओर से कांके रोड स्थित होटल होलीडे होम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

इंद्रेश कुमार ने कहा कि हिन्दुस्तान को किसी के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है। विश्व में भारत ही एक ऐसा राष्ट्र है, जिसके सबसे ज्यादा नाम हैं। यहां रहने वाले हर व्यक्ति के पूर्वज हिन्दुस्तानी हैं। यह हमारी भूमि नहीं बल्कि मातृभूमि है। हमें देशवासियों के बीच मातृभूमि की सोच को जीवित करना होगा। भारत को आजादी की सबसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ी है। स्वतंत्रता के लिए सबसे ज्यादा भारत के लोगों ने अपना बलिदान दिया है। स्वतंत्रता का मतलब हमारी सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा, रोजगार स्वावलंबन है। इंद्रेश कुमार ने कहा कि सरकार कानून बनाती है लेकिन समाज हमें संस्कार देता है, जागरूक करता है और समस्याओं का समाधान करता है। भारत में भ्रूण हत्या, दुष्कर्म और घरेलू हिंसा चरम पर है। उग्रवाद और आतंकवाद भी है। इसका समाधान सिर्फ कानून के माध्यम से नहीं निकाला जा सकता है। समाज ही इस समस्या का समाधान कर सकता है। उन्होंने फैंस के पुनर्गठित झारखंड शाखा को इसके लिए जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम में पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा, आरएसएस के प्रांत प्रचारक अनिल, जैक के अध्यक्ष डॉ. आनंद भूषण और भाजपा नेता राकेश प्रसाद उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड की पूर्व पुलिस महानिदेशक कुमुद चौधरी फोरम फॉर अवेयरनेस ऑफ नेशनल सिक्योरिटी (एफएएनएस) की झारखंड शाखा की अध्यक्ष चुनी गई हैं। कुमुद चौधरी के अलावा पवन बजाज डॉ. शाहिद अख्तर को उपाध्यक्ष, तापस मल्लिक को महासचिव, दीपक रूंगटा को कोषाध्यक्ष और ज्ञानेंद्र को सचिव चुना गया।

कार्यक्रम में शामिल इंद्रेश कुमार, अर्जुन मुंडा अन्य।