बाबूलाल तय करें किधर जाएंगे : हेमंत
भास्कर संवाददाता|रांची/दुमका
मुख्यमंत्रीहेमंत सोरेन ने दुमका में मंगलवार को कहा कि झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ऐसे नेता हैं, जिन्हें खुद पता नहीं कि उन्हें आखिर करना क्या है। वे गठबंधन को लेकर कभी कांग्रेस से तो कभी भाजपा से बात करते हैं। उन्हें पता ही नहीं कि उन्हें गठबंधन करना भी है या नहीं। और अगर करना है तो किस पार्टी से।
महा गठबंधन में बाबूलाल मरांडी आपका नेतृत्व स्वीकार करने को राजी नहीं हैं, इस सवाल पर हेमंत ने कहा कि उन्होंने एेसा कब कहा कि उन्हें ही नेतृत्व करना है। यह तो झाविमो के नेता कहते फिर रहे हैं कि मरांडी नेतृत्व करेंगे। वैसे भी मरांडी की जो मनोदशा है, उसमें वह किसी भी गठबंधन का नेतृत्व कैसे कर सकते हैं।
हाल के दिनों में झाविमो में हुई टूट तथा विगत लोकसभा चुनाव में उनकी करारी हार पर कटाक्ष करते हुए हेमंत ने कहा कि बाबूलाल के तो किडनी, लीवर पहले ही निकल चुके हैं। आखिर वे कितनी बार बाइपास सर्जरी कराएंगे। बेहतर होगा कि बाबूलाल अब स्वास्थ्य लाभ लें।
बाबूलाल मरांडी अब स्वास्थ्य लाभ लें