- Hindi News
- पांचों यूनिवर्सिटी के शिक्षकों को दो माह से है वेतन का इंतजार
पांचों यूनिवर्सिटी के शिक्षकों को दो माह से है वेतन का इंतजार
रांचीयूनिवर्सिटी समेत राज्य के पांचों विश्वविद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है। यह स्थिति सरकार द्वारा इस में राशि नहीं दिए जाने के कारण उत्पन्न हुई है। इससे शिक्षाकर्मियों में आक्रोश है।
सोमवार को फुटाज अध्यक्ष डॉ. बब्बन चौबे, सीनेट सदस्य डॉ. मिथिलेश, एसएम अब्बास, डॉ. एलके कुंदन, डॉ. हरिओम पांडेय ने इसके लिए उच्च शिक्षा निदेशालय को सीधे तौर पर जिम्मेवार ठहराया है। कहा है कि निदेशालय अपने दायित्व के निर्वहन में असफल रहा है। दिसंबर और जनवरी का वेतन नहीं मिला है। वहीं फरवरी नौ दिन बीतने के बाद भी वेतन के संबंध में कोई सक्रियता नहीं दिख रही है। शिक्षकों ने कहा कि इसके लिए विवि प्रशासन भी अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकता है। विवि प्रशासन को यह बताना होगा कि समय पर वेतन के लिए अब तक क्या प्रयास किए गए। शिक्षकों ने कहा कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि प्रत्येक माह शिक्षाकर्मियों को समय पर वेतन मिले। यह भी कहा कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे।