- Hindi News
- आरयू के प्रभारी कुलपति को तीन घंटे बनाया बंधक
आरयू के प्रभारी कुलपति को तीन घंटे बनाया बंधक
रांचीविवि मुख्यालय में सोमवार को फिर छात्रों के दो संगठनों ने जमकर हंगामा किया। एक ओर जहां एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने प्रभारी वीसी डॉ. एम रजीउद्दीन समेत कई अधिकारियों को प्रोवीसी कार्यालय में बंद कर ताला जड़ दिया। वहीं छात्र आजसू के कार्यकर्ताओं ने अपनी मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। जिस समय एबीवीपी के सदस्यों ने प्रोवीसी कार्यालय में ताला जड़ा, उस समय कक्ष में प्रॉक्टर डॉ. दिवाकर मिंज, डीएसडब्ल्यू डॉ. एससी गुप्ता और रजिस्ट्रार भी मौजूद थे। करीब तीन घंटे बाद जब कोतवाली पुलिस पहुंची और विवि अधिकारियों ने उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब छात्रों ने ताला खोला।
केसीबीकॉलेज के प्राचार्य को तत्काल हटाने की मांग
एबीवीपीके सदस्य केसीबी कॉलेज के प्राचार्य को पद से हटाने और कॉलेज में बेसिक सुविधाएं मुहैया कराने की मांग कर रहे थे। प्राचार्य पर आरोप लगाया कि वे शिक्षण शुल्क लेते हैं। इसके प्रमाण भी मिले हैं। इस पर प्रभारी वीसी ने कहा कि मामले की जांच कर ली गई है। रिपोर्ट बन रही है। सीसीडीसी अवकाश पर हैं। रिपोर्ट मिलते ही समुचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई के लिए प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं से 20 दिनों का समय मांगा, जिस पर एबीवीपी कार्यकर्ता मान गए। महानगर मंत्री शशांक राज ने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में आशुतोष सिंह, नीतीश भारद्वाज, राजीव रंजन, आकाश सिंह, वैभव पांडेय, विवेक, प्रेम प्रकाश आिद शामिल थे।
रांची | छात्रआजसू के कार्यकर्ता छात्र संघ चुनाव की तिथि तत्काल घोषित करने, कॉलेजों में पुलिस पिकेट स्थापित करने समेत अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने प्रभारी वीसी डॉ. रजीउद्दीन से मिलकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। कहा कि प्रभारी वीसी से हमें उम्मीद है कि छात्र संघ चुनाव के प्रति पहल करेंगे। कार्यकर्ताओं ने प्रोवीसी को वीसी का प्रभार मिलने पर बधाई भी दी। मौके पर राहुल सिंह, रवि मुंडा, कुश कुमार, सबदर सुलतान, एन आलम, एस पॉल, विक्की, आनंद, प्रशांत, आकाश समेत अन्य स्टूडेंट्स थे।
छात्र आजसू के कार्यकर्ताओं का कहना था कि रांची विवि के अधिकारी सिर्फ आश्वासन देना जानते हैं। घोषणा के बाद आज तक छात्र संघ चुनाव समेत अन्य शैक्षणिक समस्याओं का निराकरण करने मे विवि प्रशासन विफल रहा है। इस पर छात्र आजसू के कार्यकर्ताओं से प्रभारी वीसी ने कहा में मैं अभी प्रभार में हूं। छात्रहित में मांगों पर समुचित कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विवि प्रशासन गंभीर है। इसके बाद छात्र छात्र आजसू के कार्यकर्ता वापस लौट गए।
प्रभारी वीसी से मिलकर छात्र आजसू के कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
आरयू के प्रभारी वीसी के चैंबर में तालाबंदी कर मौजूद एबीवीपी के कार्यकर्ता।