- Hindi News
- आरपीएफ जवानों को मिल रही घटिया वर्दी : पॉल
आरपीएफ जवानों को मिल रही घटिया वर्दी : पॉल
रांची| दक्षिणपूर्व रेलवे, रांची मंडल के रेलवे सुरक्षा बल एसोसिएशन की दो दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक में कई गंभीर मुद्दे उठाए गए हैं। बुधवार को कार्यकारिणी की बैठक के पहले दिन एसोसिएशन के अध्यक्ष टीके पॉल ने कहा है कि आरपीएफ जवानों को घटिया वर्दी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि शुरू से ही वर्दी की गुणवत्ता सही नहीं है। इसके लिए कई बार आलाधिकारियों को लिखा जा चुका है। एसोसिएशन की ओर से मांग की गई कि झारखंड पुलिस की तरह वर्दी के लिए जवानों को राशि दी जाए। साथ ही रेलवे कर्मचारियों की तरह आरपीएफ जवानों को बोनस मिले। सचिव केके सिंह ने कहा है कि आरपीएफ को रात्रि भत्ता, अतिरिक्त कार्य भत्ता, क्षतिपूरक भत्ता भी दी जाए। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाका होने के कारण रेलवे संपत्ति के साथ-साथ यात्री सुरक्षा की जिम्मेदारी भी आरपीएफ पर है। ऐसे में विशेष कार्य भत्ता दिया जाय।