- Hindi News
- महिला की मौत के बाद पांच घंटे ठप रहा ट्रेनों का आवागमन
महिला की मौत के बाद पांच घंटे ठप रहा ट्रेनों का आवागमन
हटिया-राउरकेलारेलखंड पर तुपुदाना थाना क्षेत्र के सौदाग के निकट एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने रेलमार्ग को ठप कर दिया। इससे पांच घंटे तक परिचालन ठप रहा। राउरकेला से हटिया और हटिया से राउरकेला जानेवाली ट्रेनों का आवागमन रोक दिया गया। घटनास्थल पर मौजूद जिप अध्यक्ष सुंदरी तिर्की और झामुमो के महानगर अध्यक्ष अंतू तिर्की ने कहा कि रेल अधिकारी रेलमार्ग ठप होने की सूचना के तुरंत बाद जाते तो पांच घंटे तक रेलमार्ग ठप नहीं होता और यात्रियों को परेशानी नहीं होती। नया टोली सौदाग की शालगी खोया दुंब-दुंब बाजार से घर लौट रही थी। पति का नाम जातरू खोया है। रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीण रेल लाइन के पास ही शव के साथ रात भर बैठे रहे। बुधवार को सुबह सवा नौ बजे ग्रामीण सौदाग के निकट रेल लाइन ठप कर धरना पर बैठ गए।
रांची रेल मंडल के सीनियर डीसीएम नीरज कुमार, डीईएन डीबी पांडा और एडीईएन एन हेंब्रम घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीण मृत महिला के परिजन को नौकरी और मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। रेल अधिकारियों ने कहा कि उक्त मांग देना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। उनकी मांग रेलवे बोर्ड के समक्ष रखी जाएगी। ग्रामीणों ने रेल अधिकारियों को दो मांग पत्र भी सौंपा, जिसमें सौदाग के पास रेल ओवरब्रिज का निमार्ण कराने और मानवरहित फाटक की मांग शामिल है। इस पर अधिकारियों ने दो दिनों का समय मांगा और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद रेल जाम हटाया गया।
सांसद रामटहल चौधरी ने रेलमंत्री को पत्र लिख कर रेल ब्रिज और मानवरहित फाटक की मांग की है। उन्होंने कहा है कि सौदाग समेत 17 गांव हैं, जहां के ग्रामीण शहर जाते हैं। छह सौ से अधिक वाहनों का आवागमन होता है।
राउरकेला से रांची रहे पैसेंजर ट्रेन के यात्री रेलमार्ग जाम रहने के कारण भूखे-प्यासे परेशान रहे। सभी रेल अधिकारियों को कोस रहे थे। हटिया के करीब पहुंच कर चार घंटे तक जाम में फंसे यात्रियों ने कहा कि रेल अधिकारी जल्द पहुंच जाते तो उन्हें परेशान नहीं होती।
तुपुदाना के सौदाग के पास शव के साथ ग्रामीण रेलवे ट्रैक पर बैठे रहे।