अभियान से पार्टी को मजबूती : अरुण
सदस्यताअभियान को गति देने के लिए बुधवार को भाजपा मुख्यालय में समीक्षा बैठक की गई। प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय सदस्यता प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेश प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत, मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश संगठन महामंत्री राजेंद्र सिंह, अनंत ओझा आदि मौजूद थे। अरुण सिंह ने कहा कि देश भर में चलाए जा रहे सदस्यता महा अभियान के उत्साहवर्द्धक नतीजे सामने रहे हैं। इससे पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी। सीएम रघुवर दास ने कहा कि इस अभियान में कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सांसद, मंत्री, विधायक और पार्टी के पदाधिकारियों की भी सहभागिता होनी चाहिए।
वे खुद 27 फरवरी को जमशेदपुर के एक बूथ पर मौजूद होकर सदस्यता अभियान में भाग लेंगे। अर्जुन मुंडा ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सदस्यता का काफी महत्व है। बैठक शुरू होने से पूर्व पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें भावभिनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में सीमा शर्मा, विधायक विरंची नारायण, डॉ. नीरा यादव, मेनका सरदार, निर्भय शाहाबादी, बिमला प्रधान सहित की जिलों के अध्यक्ष, महामंत्री, सदस्यता प्रभारी उपस्थित थे।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि अप्रैल और मई में भाजपा पूरे देश में व्यापक रूप से सदस्यता अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि अब तक झारखंड और बिहार से 28 लाख लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। वे पार्टी मुख्यालय में सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने झाविमो के छह विधायकों के पार्टी में शामिल होने के संबंध में कहा कि झारखंड में राजनीतिक स्थिरता और विकास के लिए किसी भी दल से कोई नेता विधायक भाजपा में आते हैं, तो उनके लिए हमारे द्वार खुले हुए हैं। आजसू के साथ पूर्ण बहुमत के बाद भी दूसरे दल के विधायकों को पार्टी में लेने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि कोई भाजपा में शामिल होता है, तो किसी को इसमें दिक्कत नहीं होनी चाहिए। वैसे भी किसी भी दल का दो-तिहाई विधायक दूसरे दल में जा सकता है। इसपर दल-बदल कानून लागू नहीं होता है।
सदस्यता अभियान की समीक्षा करते संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, अर्जुन मुंडा अन्य।