पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आरोपी को बचाने पर भड़के कर्मी, तालांबदी

आरोपी को बचाने पर भड़के कर्मी, तालांबदी

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांचीनगर निगम में टैक्स घोटाले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को कर्मचारियों ने सोमवार को दो घंटे तक निगम में कामकाज ठप करा दिया। वे इतने गुस्से में थे कि निगम के मेन गेट पर ताला लगा दिया, जबकि अंदर अफसरों के अलावा मेयर आशा लकड़ा भी मौजूद थीं। कर्मचारियों ने इस घोटाले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। कहा कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। मेयर आशा लकड़ा ने उनसे मिलने आए कर्मचारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। मेयर ने नगर विकास मंत्री सीपी सिंह से आरोपी अफसरों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज कराने, मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और मुख्य आरोपी लेखा पदाधिकारी बसंत तिवारी को निलंबित करने का आग्रह किया है। इस संबंध में मेयर ने मंत्री को पत्र भी भेजा है।

मेयर ने सीईओ पर पक्षपात का लगाया आरोप

मेयरआशा लकड़ा ने मंत्री सीपी सिंह को लिखे पत्र में कहा है कि पांच फरवरी को दैनिक भास्कर ने निगम में 30 लाख से अधिक के गबन की खबर छापी है। इसके बाद आपने टैक्स घोटाले में संलिप्त अफसरों पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। मैंने भी प्रभारी सीईओ ओमप्रकाश साहा को प्राथमिकी दर्ज करने का लिखित आदेश दे दिया, पर साह ने आदेश को नजर अंदाज कर दिया। मेयर ने जांच पूरी होने तक लेखा पदाधिकारी बसंत तिवारी को निलंबित कर और उनके स्थान पर नए लेखा पदाधिकारी की नियुक्ति की मांग रखी है।

प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर कर्मचारियों में गुस्सा

मेयरने कहा कि उन्होंने सीईओ ओमप्रकाश साहा से आरोपियों के खिलाफ तीन दिन के अंदर प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा था। तीन दिन का समय सोमवार को पूरा हो चुका है। इधर, कैशियर और टैक्स कलेक्टर ने सीईओ द्वारा जारी आदेश पत्र नहीं लिया है। वहीं, इस पूरे मामले में जिस अफसर ने घोटाले का खुलासा किया है, उसे जांच से अलग रखा जा रहा है। इसे लेकर भी कर्मचारियों में गुस्सा है। प्रभारी सीईओ द्वारा टैक्स कलेक्टर को 24 घंटे के अंदर सूद समेत पूरी राशि जमा करने के आदेश के बाद कर्मचारियों में आक्रोश है।

निगम के गेट पर कर्मचारियों ने की तालाबंदी।