वाहन चेकिंग कर रहे जगुआर जवान
नक्सलियोंसे लड़ने वाले झारखंड जगुआर के जवान राजधानी की सड़कों पर वाहन चेकिंग करते दिखे। बगैर हेलमेट के वाहन चलानेवालों के लिए अब खैर नहीं। अगर वाहन नहीं रोका तो जवान खदेड़ कर वाहन चालकों को थप्पड़ भी लगा रहे हैं। सोमवार को इसका खमियाजा कई युवकों को हरमू चौक के पास भुगतना पड़ा। जवानों ने पीछे से दौड़ा कर बिना हेलमेट बाइक सवार को दौड़ा कर पकड़ा। वहीं हर्जाने के तौर पर 90 रुपए की रसीद भी काट कर युवक को थमा दी गई। हरमू, सुजाता अरगोड़ा चौक के पास जगुआर के जवानों की ऐसी हरकत देख आम लोगों में नाराजगी है।
हेलमेट नहीं पहना तो कराई उठक-बैठक।
पिस्का मोड़ में वाहन की चेकिंग करते जगुआर पुलिस के जवान।
सख्ती देख आम लोग हैरत में
रांचीके सभी शहरी थाना में आठ-आठ की संख्या में जगुआर जवानों को वाहन चेकिंग गश्ती में लगाया गया है। वे मेन रोड, सुजाता चौक, सहजानंद चौक, अरगोड़ा समेत अलबर्ट एक्का चौक, डंगराटोली, बरियातू और रातू रोड में वाहनों की जांच कर रहे हैं। इन जवानों की सख्ती देख आम लोग हैरत में हैं।
तीनसौ जवानों की प्रतिनियुक्ति
सिटीएसपी अनूप बिरथरे के आग्रह पर जिला पुलिस को तीन सौ अतिरिक्त जवान मिले हैं। इसमें जैप,एसआईएस और जगुआर के जवान शामिल हैं। इनकी प्रतिनियुक्ति रांची के 15 पुलिस थानों में की गई है। हर थाना में आठ से दस जवान तैनात हैं। नई व्यवस्था के तहत सोमवार से राजधानी के सभी थाना क्षेत्र में गश्ती वाहन चेकिंग की कार्रवाई की जा रही है।