झाविमो की बैठक आज, हंगामे के आसार
रांची | झाविमोसुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने 9 फरवरी को पार्टी पदाधिकारियों विधायकों की बैठक पार्टी कार्यालय डिबडीह में बुलाई है। बैठक में भूमि अधिग्रहण बिल, मंत्रिमंडल विस्तार में देरी स्थानीय नीति सहित कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक को लेकर तरह-तरह की अटकलें भी शुरू हो गई हैं। झामुमो के नेतृत्व में आंदोलन करने उसके साथ नजदीकी को लेकर पार्टी में भूचाल की स्थिति है। एक बड़ा धड़ा झामुमो से किसी भी रूप में दोस्ती के खिलाफ है। प्रदीप यादव के इस एकतरफा निर्णय से पार्टी विधायकों में भी नाराजगी है। विधायक आलोक चौरसिया ने यहां तक कह दिया कि बाबूलाल मरांडी का हर निर्णय स्वीकार होगा, मगर झामुमो से दोस्ती की जानकारी उन्हें नहीं दी गई है। विधायक अमर बाऊरी भी नाराज बताए जा रहे हैं। मगर वे अपनी बात पार्टी फोरम में ही रखेंगे। इधर झामुमो के दोस्ती से नाराज पार्टी महासचिव प्रवीण कुमार सिंह ने भी इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में मरांडी के समक्ष आम राय बनाना बहुत बड़ी चुनौती साबित होगी।