पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मैट्रिक और इंटर परीक्षा पर 50 ऑब्जर्वर की रहेगी नजर

मैट्रिक और इंटर परीक्षा पर 50 ऑब्जर्वर की रहेगी नजर

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
देशमें सबसे पहले मैट्रिक और इंटर की परीक्षा झारखंड में शुरू हो रही है। राज्यभर में 16 फरवरी से शुरू होने वाली मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में इस बार करीब 50 ऑब्जर्वर की नजर रहेगी। कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने सभी तैयारी लगभग पूरी कर ली है।

गौरतलब है कि इस बार राज्यभर से मैट्रिक में 4 लाख 54 हजार और इंटर की परीक्षा में कुल 3 लाख आठ हजार परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। मैट्रिक परीक्षा के लिए राज्यभर में कुल 899 और इंटर के लिए 338 केंद्र बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए सभी जिलों के उपायुक्तों को भी सहयोग के लिए जैक ने पत्र भेजा है।

जैक में मुख्य नियंत्रण कक्ष होगा। वहीं दुमका प्रमंडल कार्यालय और मेदिनीनगर में भी नियंत्रण कक्ष काम करेगा। इसके अलावा सभी जिलों में भी परीक्षा के सफल संचालन के लिए डीईओ कार्यालय में नियंत्रण कक्षा काम करेगा।

दोनों परीक्षाओं के लिए सभी वीक्षकों के पहचान पत्र जारी किए गए हैं। सभी को निर्देश जारी किया गया है कि परीक्षा के दौरान केंद्र में वे उसे गले में लटका कर रखें, ताकि यह पता चल सके कि परीक्षा केंद्र में किसी बाहरी व्यक्ति ने तो प्रवेश नहीं किया।

जैक ने परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों को किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट (मोबाइल, पेजर, माइक्रोफोन आदि) ले जाने पर पाबंदी लगा दी है। इस तरह के उपकरण पाए जाने पर केंद्राधीक्षकों के साथ परीक्षार्थियों पर भी कार्रवाई होगी।

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से केंद्राधीक्षकों को निर्देश जारी किया गया है कि अगर किसी तरह की चोरी की घटना होती है, तो इसके लिए वे जिम्मेदार होंगे। किसी भी केंद्र पर चोरी कराने वाले या सहयोग कराने वाले पर अविलंब कार्रवाई का भी निर्देश गया है।