- Hindi News
- रद्द पार्किंग से 25 दिनों में ~1.25 लाख अवैध वसूली
रद्द पार्किंग से 25 दिनों में ~1.25 लाख अवैध वसूली
रातूरोड स्थित गलैसिया माॅल के समीप नगर निगम के पार्किंग स्थल पर अवैध रूप से वाहनों से उगाही जारी है। धड़ल्ले से ठेकेदार वाहन मालिकों से निगम की रसीद देकर पैसा वसूल रहे हैं और वाहन पार्क करवा रहे हैं। इस पर किसी की कोई रोक-टोक नहीं है। इधर, निगम के अधिकारी चैन की बंसी बजा रहे हैं। जबकि नगर निगम ने मार्च में समाप्त होने जा रही बंदोबस्ती को दो माह पहले ही ट्रैफिक एसपी की अनुशंसा पर समाप्त कर दिया। ठेकेदारों को पैसा भी वापस कर दिया।
इधर, सिविल कोर्ट परिसर में भी ठेकेदारों ने निगम के पार्किंग को खाली नहीं किया है। प्रतिदिन सैकड़ों दाे पहिया वाहन से ठेकेदार पैसा वसूल रहे हैं। निगम के द्वारा पार्किंग का ठेका रद्द करने के बाद मंगलवार को दैनिक भास्कर ने पड़ताल की तो ठेकेदार वाहन मालिकों से उगाही करते दिखे। जब पैसा लेकर रसीद देते ठेकेदारों की फोटो ली जा रही थी, तो उनलोगों ने फोटोग्राफर को घेर लिया और फोटो लिए जाने का विरोध करने लगे। वह फोटो नहीं छापने का दबाव डाल रहे थे। गलैसिया माॅल वाली पार्किंग फास्ट इंटरप्राइजेज के राजकुमार जायसवाल के नाम से है।
ट्रैफिकएसपी की अनुशंसा पर रद्द किया गया पार्किंग ठेका
ट्रैफिकएसपी की अनुशंसा पर नगर निगम ने पार्किंग ठेका रद्द किया है। एसपी ने इसकी वजह ट्रैफिक समस्या बताई थी। इसलिए सड़क किनारे की पार्किग को बंद करने की अनुशंसा की थी। उसके बाद नगर निगम ने 15 जनवरी को पार्किंग का बंदोबस्ती रद्द कर दिया था।
सड़क के किनारे पार्किंग होने से आम लोगों को परेशानी हो रही है। सड़क पर जाम लगता है। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग जाती है। इसका खामियाजा आम लोगों को हो रहा है। साथ ही ट्रैफिक की समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है।
^नगर निगम ने जिन पार्किंग का ठेका रद्द कर दिया है, वहां वसूली हो रही है, तो पुलिस कार्रवाई कर सकती है। अवैध वसूली करने वाले को रोकना निगम के अधिकार क्षेत्र में नहीं है।’’ ओमप्रकाश साह, सीईओ, नगर निगम, रांची
^टेंडररद्द होने के बाद भी अवैध रूप से पार्किंग चल रही है, तो इस पर कार्रवाई होगी। इसके लिए चिन्हित जगहों पर पुलिस जाएगी और निगम की पार्किंग को खाली कराएगी।’’ वाईएस रमेश, ट्रैफिक एसपी, रांची
एक पार्किंग में प्रतिदिन सुबह से शाम तक लगभग 500 बाइक पार्क होती हैं। एक से 10 रुपए वसूला जाता है। ऐसे में पार्किंग ठेकेदार प्रतिदिन 5 हजार रुपए की कमाई करते हैं। 15 जनवरी से 10 फरवरी तक 25 दिन में लगभग 1.25 लाख रुपए की कमाई ठेकेदार कर चुके हैं।
गलैसिया माॅल स्थित पार्किंग पर वसूली करता संचालक इनसेट में रसीद की प्रति।