- Hindi News
- झाविमो के बागी विधायक आज मिल सकते हैं अमित शाह से
झाविमो के बागी विधायक आज मिल सकते हैं अमित शाह से
झाविमोके बागी विधायक बुधवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। अमित शाह अभी अहमदाबाद में अपने पुत्र की शादी में व्यस्त हैं। बुधवार को वे दिल्ली रहे हैं। इसी बीच झाविमो के विधायक उनसे मुलाकात करने की कोशिश करेंगे। संभव है कि उनकी अमित शाह से मुलाकात हो जाए।
जानकारी के अनुसार झाविमो के सभी छह बागी विधायक दिल्ली में हैं। वे बुधवार को अमित शाह से मुलाकात कर उनके समक्ष भाजपा में शामिल होने की इच्छा व्यक्त करेंगे। साथ में सारी वस्तुस्थिति से उन्हें अवगत भी कराएंगे।
झाविमो के छह में से चार बागी विधायक नवीन जायसवाल, अमर बाउरी, गणेश गंझू और आलोक चौरसिया पहले से दिल्ली में जमें हैं। दो अन्य विधायक जानकी यादव और रणधीर सिंह मंगलवार को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र से कोलकाता होते दिल्ली पहुंचे।
गुरुवार को दिल्ली से रांची लौटने के बाद छह बागी विधायकों का रांची एयरपोर्ट से सीधे विस अध्यक्ष के पास जाने की सूचना है। स्पीकर के समक्ष उपस्थित हो झाविमो अलग गुट को मान्यता देने की मांग करेंगे। साथ ही सत्ता पक्ष के साथ बैठने की गुहार लगाएंगे।
झाविमो के आठ में से छह विधायकों का सशरीर उपस्थित होकर अलग मान्यता की मांग करने पर स्पीकर उनकी मांग को मान भी सकते हैं। यदि किसी दल का आठ में से छह विधायक ऐसी मांग करता है, तो नियमतः: उन्हें अलग गुट की मान्यता दी जा सकती है।