दिल्ली तक करेंगे आंदोलन : गीताश्री
इटकीमें एम्स बनाने की मांग को लेकर रविवार को इटकी नागरिक परिषद ने बाजारटांड़ में जनाक्रोश सभा आयोजित की। सभा की मुख्य अतिथि पूर्व शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इटकी में एम्स निर्माण के लिए हम रांची से दिल्ली तक आंदोलन करेंगे। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस क्षेत्र की जनता की भावनाओं को आहत किया है। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। दक्षिण उत्तरी छोटानागपुर की जनता को एकजुट होकर उग्र आंदोलन करने की जरूरत है।
जिला परिषद सदस्य मसूद आलम ने कहा कि इटकी में एम्स के निर्माण के लिए वे खून की आखिरी बूंद तक लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इटकी में एम्स बनने से 50 किलोमीटर तक का क्षेत्र स्वतः विकसित हो जाएगा। रांची जिले के जिप सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही इस मांग को लेकर दिल्ली जाएगा। सभा की अध्यक्षता कर रहे सैयद अफसर शाह ने कहा कि पांच बिंदुओं पर एम्स निर्माण फ्रंट का गठन कर आंदोलन किया जाएगा। 13 फरवरी से पहले झारखंड के प्रमुख राजमार्ग को जाम किया जाएगा। राजभवन, मुख्यमंत्री आवास के समक्ष धरना देने के बाद विधानसभा का घेराव किया जाएगा। राज्य के वर्तमान पूर्व विधायकों से मिलकर उनके नेतृत्व में दिल्ली जाने की भी बात उन्होंने कही। सभा का संचालन अफरोज आलम ने किया। सभा को रांची की पूर्व मेयर कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रमा खलखो, लाल रामेश्वर नाथ शाहदेव, प्रखंड प्रमुख सुखमनी तिग्गा, इकबाल अहमद नइमी, खुर्शीद, बीरेंद्र भगत, डॉ. असलम, तारिक आलम, मौलाना मनीरुद्दीन, अबरार, मकसूद, मोइन एकबाल अंसारी आदि ने संबोधित किया।
इटकी बाजारटांड़ में आयोजित सभा को संबोधित करतीं गीताश्री उरांव।