कोयला कर्मियों को ~40,000 बोनस
भास्कर संवाददाता | रजरप्पा/ रांची
इसबार दुर्गा पूजा पर कोयलाकर्मियों को बोनस के तौर पर 40,000 रुपए मिलेंगे। शुक्रवार को कोलकाता में आयोजित कोल इंडिया प्रबंधन और श्रम संगठन से जुड़े नेताओं के बीच हुई बैठक में यह तय किया गया। बैठक में प्रबंधन की ओर से कोल इंडिया चेयरमैन एके दूबे, डायरेक्टर पर्सनल मोहनदास, टेक्निकल डायरेक्टर एन कुमार, सीसीएल के डायरेक्टर पर्सनल आरआर मिश्रा और सभी अनुषांगिक कंपनियों के डीपी सहित श्रम संगठनों की ओर से इंटक के राजेंद्र प्रसाद सिंह, भारतीय मजदूर संघ के सुरेंद्र पांडेय, सीटू के डीडी रामानंदन, एटक के लखनलाल महतो और एचएमएस के नाथूलाल पांडेय शामिल हुए। बैठक के बाद के सीटू नेता डीडी रामानंदन ने कोलकाता से दूरभाष पर बताया कि 27 सितंबर से पूर्व बोनस की राशि कोयलाकर्मियों के खाते में डाल दी जाएगी। बोनस के तौर 40 हजार रुपए देने पर सहमति के बाद कोयला कर्मियों में खुशी फैल गई। कोयला मजदूर संघ सहित अन्य यूनियनों ने प्रबंधन को इसके लिए बधाई दी है।